53 मंज़िलों के पार स्वर्ण शिखर: कैसे पृथ्वी सम्राट सेनगुप्ता ने हर शंका को जीत में बदला

53 मंज़िलों के पार स्वर्ण शिखर: कैसे पृथ्वी सम्राट सेनगुप्ता ने हर शंका को जीत में बदला

रेकजाविक और इस्तांबुल के अंतरराष्ट्रीय मंचों पर चमकते पदक, राष्ट्रगान और बारबेल से बहुत पहले पृथ्वी सम्राट सेनगुप्ता का शुरुआती अखाड़ा उसकी बिल्डिंग की सीढ़ियां थीं। 53वीं मंज़िल पर रहने वाला यह छोटा सा लड़का वार्म-अप के दौरान रोज़ाना पूरे 53 मंज़िल चढ़ता और फिर एक घंटे कसरत करता था।

आज 19 साल के पावरलिफ्टर पृथ्वी को विश्व मंच पर भारी वज़न उठाते देख लोग दंग रह जाते हैं। उसका दमखम किसी करिश्मे जैसा लगता है, लेकिन भारत के सबसे प्रेरणादायक पैरा-एथलीटों में शुमार पृथ्वी की कहानी सिर्फ़ उसकी शारीरिक शक्ति की कहानी नहीं है। बल्कि यह कहानी उस बच्चे की है जिसने ख़ुद को किसी बीमारी के तमगे में कैद करने से मना किया, और उस सिंगल मदर नियति शाह की जिन्होंने बिना किसी तय रास्ते या नियम-कायदे के अपने बेटे की परवरिश की और उसे न सिर्फ़ समाज में बराबरी का दर्ज़ा दिलाया बल्कि एक अलग पहचान दिलवाई और जिसने खेल के दुनिया में एक इतिहास रचा।

पृथ्वी के जन्म के समय नियति मार्केटिंग की तेज़-तर्रार दुनिया में थीं। जबकि पृथ्वी के जन्म के तुरंत बाद उसके डाउन सिंड्रोम का पता चलते ही, उनकी दौड़ती-भागती ज़िंदगी थम सी गई। अब सामने सवालों का तूफ़ान था। क्योंकि भारत में सबसे मुश्किल लड़ाई डॉक्टरी नहीं, बल्कि सामाजिक सोच की थी। अपने ही परिवार में डर और नासमझी के चलते कुछ रिश्तेदारों ने अपने बच्चों को पृथ्वी से दूर रखा। एक मां के लिए वे पल बेहद चुभने वाले थे। मगर अपनी मां के अटूट साथ से नियति ने ठान लिया कि पृथ्वी की पहचान लोगों की धारणाओं से नहीं, बल्कि उसकी क़ाबिलियत से बनेगी।

डाउन सिंड्रोम वाले बच्चों की मांसपेशियों की ताक़त कम होती है, इसलिए अपने पिता सम्राट सेनगुप्ता का सुझाया गया पावरलिफ्टिंग मसल्स डेवलपमेंट पृथ्वी को लॉजिकल लगा। यह पृथ्वी की भी चॉइस थी। डॉक्टर ने भी शुरू से शारीरिक गतिविधियों की सलाह दी। इसलिए छह साल की उम्र में पृथ्वी ने बॉडीवेट एक्सरसाइज शुरू कर दी और घर पर ही सैंडबैग उठाने, चलने व कूदने का अभ्यास करने लगा। रोज़मर्रा की मुश्किलें मां की सूझबूझ से आसान होती गईं। निगलने की दिक्कत होने पर नियति और उनकी मां ने सेंसरी थेरेपी अपनाते हुए पृथ्वी को दिन में सोने और रात में चांदी की चेन (चबाने या छूने) के लिए देकर अलग-अलग बनावट का अहसास कराया। तेज़ आवाज़ों से घबराने पर उन्होंने शोर से बचाने के बजाय हर शाम तेज़ म्युज़िक बजाकर परिवार संग डांस पार्टी शुरू कर दी, जिससे पृथ्वी के डर की जगह ख़ुशी ने ले ली।



यही हौसला पृथ्वी को रेत से भरे थैलों से लेकर लोहे के बारबेल तक ले आया। कोच संकेत आरेकर, जिन्होंने पृथ्वी को तब संभाला जब वह ठीक से कूद भी नहीं पाता था, उन्होंने भारी वज़न उठाते समय पृथ्वी की आंखों में अलग ही चमक देखी। कम उम्र के बावजूद गोल्ड्स जिम ने भी अनुमति दी और पावरलिफ्टिंग का सफ़र शुरू हुआ। कोच आरेकर, मुख्य कोच अमन राय वोहरा और दिवंगत मधुकर दरेकर की सीख ने पृथ्वी को ऐसा अनुशासन दिया कि वे हफ़्ते में छह दिन जिम जाता, सख़्त प्रोटीन डाइट लेता है और जंक फूड से दूर रहता है।

किशोरावस्था में ही पृथ्वी ने लोगों की तय की हुई सीमाएं तोड़ दीं और हर किसी को हैरान कर दिया। उसने 2023 की मलेशिया एशियन क्लासिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के सब-जूनियर वर्ग में चार स्वर्ण, 2024 की कानपुर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण व रजत और आइसलैंड में 2024 आईपीएफ वर्ल्ड ओपन इक्विप्ड चैंपियनशिप में कांस्य जीता। स्पेशल ओलंपिक्स भारत में वो साथी खिलाड़ियों की बेल्ट कसने, हौसला बढ़ाने और वॉक फॉर इन्क्लूजन में चलने के कारण सबका चहेता बन गया।

लेकिन 2025 में एक बड़ी चोट और सर्जरी ने उसे खेल के मंच से दूर कर दिया और नियति के मन में भी शंका उभरी। हालांकि तीन-चार महीनों में ही अपनी चोट से उबरकर पृथ्वी ने रोज़ाना तीन घंटे से ज़्यादा पसीना बहाया। नवंबर 2026 में इस्तांबुल में आईपीएफ वर्ल्ड स्पेशल ओलंपिक्स क्लासिक चैंपियनशिप के 66 किग्रा वर्ग में उसने 110 किग्रा स्क्वाट, 67.5 किग्रा बेंच प्रेस और 110 किग्रा डेडलिफ्ट से कुल 287.5 किग्रा उठाकर भारत को विश्व स्वर्ण दिलाया और सर्वश्रेष्ठ लिफ्टरों में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

सात साल की उम्र से बेकर बनने का सपना देखने वाले पृथ्वी अब वीगन व ग्लूटेन-फ़्री व्यंजन बनाने वाले फिटनेस बेकर के रूप में आगे बढ़ रह है। 2027 के सैंटियागो स्पेशल ओलंपिक्स वर्ल्ड समर गेम्स का लक्ष्य साधे पृथ्वी साबित करता है कि जब सपनों को जगह मिलती है, तो 53 मंज़िलें बस शुरुआत होती हैं। और इस पर वो कहता है-

"गर देखना चाहते हो मेरी उड़ान को
तो थोड़ा और ऊँचा कर दो आसमान को”

Link:
https://www.instagram.com/prithvi_the_champ17/


Created On :  

Tags

Next Story