Khel Ratna Award: खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित हुए चिराग-सात्विक, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने किया पुरस्तकृत

- खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित हुए चिराग-सात्विक
- खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने किया पुरस्तकृत
- राजधानी दिल्ली में एक समारोह में दिया गया अवॉर्ड
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया। स्टार बैडमिंटन जोड़ी को खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली में इस पुरस्कार से सम्मानित किया। बता दें, ये समारोह फरवरी में होना था लेकिन सात्विक के पिता के अचानक निधन की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था।
इस बैडमिंटन जोड़ी को खेल रत्न प्रदान किए जाने की जानकारी खुद खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारीक अकाउंट पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "आज नई दिल्ली में हमारे बैडमिंटन चैंपियन चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया।" उन्होंने आगे कहा, "यह पुरस्कार उनके समर्पण और कोर्ट पर असाधारण प्रदर्शन का प्रमाण है। मैं उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।"
इस बैडमिंटन जोड़ी ने भारत को 2022 एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों और 2023 एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीताए हैं। इसके अलावा बीएफडब्ल्यू विश्व रैंकिंग में नंबर 1 और बीएफडब्ल्यू वर्ल्ड टूर सुपर 1000 का खिताब जीतने वाली इकलौती भारतीय जोड़ी है।
बता दें, सात्विक ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया था जिसे अब तक कोई तोड़ नहीं सका है। दरअसल, साल 2023 में सात्विक ने एक मैच के दौरान 565 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर स्मैश किया था। इसी के साथ वह दुनिया सबसे तेज स्मैश करने वाले पुरुष खिलाड़ी बन गए।
Created On :   1 May 2025 8:56 PM IST