ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व कप्तान भी हुए धोनी के 'फैन', कहा- 2023 वर्ल्ड कप भी खेलेंगे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहले श्रीलंका और अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने जबरदस्त फॉर्म के कारण टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने उन आलोचकों का मुंह भी बंद कर दिया, जो धोनी के खेल के कारण उन्हें टीम से बाहर रखने की बात करते थे। कैंप्टेंसी छोड़ने के बाद से धोनी का वापस पुराना फॉर्म लौट आया है, जिसे बाद धोनी के फैंस भी पहले से ज्यादा बढ़ गए हैं और उनमें से एक हैं ऑस्ट्रेलिया टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क। क्लार्क का कहना है कि धोनी 2023 का वर्ल्ड कप भी खेलेंगे।
क्लार्क ने कहा धोनी 2023 का वर्ल्ड कप भी खेलेंगे
माइकल क्लार्क से जब धोनी के 2019 वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं? तो क्लार्क ने कहा कि धोनी में अभी इतनी क्षमता है कि वो 2023 का वर्ल्ड कप भी खेलेंगे। क्लार्क ने इस सवाल के जवाब में मुस्कुराते हुए कहा कि, "आप मुझसे मत पूछिए कि वो 2019 में खेलेंगे या नहीं, वो तो 2023 के वर्ल्ड कप में भी खेलेंगे।"
शास्त्री ने भी कहा था- धोनी को हटाने का सोच भी नहीं सकते
इससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने भी कहा था कि धोनी के फॉर्म को देखते हुए उन्हें टीम से हटाने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। शास्त्री ने कहा था कि धोनी में फिटनेस और फॉर्म दोनों बरकरार है और टीम को वर्ल्ड कप-2019 में उनकी जरुरत होगी। ऐसे में धोनी को हटाने के बारे में सोच भी नहीं सकते। शास्त्री का कहना था कि धोनी की जगह कोई नहीं ले सकता। शास्त्री ने कहा कि, धोनी देश के बेस्ट विकेटकीपर हैं। अगर उनके बैटिंग रिकॉर्ड्स को छोड़ भी दें तो उनकी कीपरिंग शानदार रही है। सिर्फ इसलिए क्योंकि वो कई सालों से खेलते आ रहे हैं और उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।
जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं धोनी
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस समय जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। हाल ही में श्रीलंका के साथ खेली गई सीरीज में धोनी ने शानदार प्रदर्शन किया था। 5 वनडे में से 4 वनडे में धोनी बैटिंग करने आए थे, लेकिन श्रीलंकाई बॉलर उन्हें आउट नहीं कर पाए। इस सीरीज में धोनी 82.33 स्ट्राइक रेट से 162 रन भी बनाए थे। इस दौरान धोनी ने अपने करियर की 100वीं स्टंपिंग पूरी की। इसी के साथ धोनी दुनिया के पहले विकेटकीपर बन गए हैं, जिनके नाम 100 स्टंपिंग करने का रिकॉर्ड है। इसके बाद 17 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पहले वनडे में भी धोनी ने 88 बॉलों पर 79 रनों की शानदार पारी खेली थी। इस मैच में धोनी ने संकटमोचक का काम किया था और ये धोनी का एक्सपिरियंस ही था, जो टीम के काम आया।
Created On :   20 Sept 2017 12:52 PM IST