BCCI हुआ मालामाल: 6,138.1 करोड़ में स्टार ने खरीदे 5 साल के मीडिया राइट्स
डिजिटल डेस्क, मुंबई। दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड, भारतीय क्रिकेट कण्ट्रोल बोर्ड (BCCI) एक बार फिर मालामाल हो गया है। ई-नीलामी के जरिए आज तीसरे दिन स्टार ने रेकॉर्ड 6138.1 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर बोर्ड के मीडिया अधिकारों को अपने नाम कर लिया है। बता दें कि पहली बार BCCI ने ई-नीलामी प्रक्रिया अपनाई थी। 5 सालों के मीडिया राइट्स को हासिल करने की इस रेस में स्टार के अलावा सोनी और रिलायंस समूह की कंपनी जियो भी शामिल थी। स्टार इंडिया ने गूगल,फेसबुक जैसी बड़ी डिजीटल कंपनियों को पछाड़कर ये अधिकार हासिल किए। इसके पहले स्टार इंडिया ने आईपीएल के अधिकार 16,347.5 करोड़ रुपये (2.55 बिलियन डॉलर) में खरीद लिए थे। स्टार इंडिया के पास ये अधिकार 2018-23 तक के लिए है। ट्विटर पर ऐतिहासिक सौदे की घोषणा करते हुए BCCI के कोषाध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी ने ई-नीलामी में सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले के रूप में उभरने के लिए स्टार इंडिया को बधाई दी है।
BCCI को मिलेंगे प्रतिमैच 66 करोड़ रूपए
यह बोली 2012 में स्टार टीवी की तरफ से लगाई गई रिकॉर्ड बोली (3,851 करोड़) से 59% अधिक है। बता दें कि मीडिया अधिकारों की बोली पिछले तीन दिनों से लगातार जारी थी। वैश्विक समग्रित अधिकार (GCR) के लिए पहले दिन सबसे ज्यादा बोली 4442 करोड़ रुपए लगी थी। दूसरी दिन यह 6032.50 करोड़ रुपए तक आ गई। यह सिलसिला तीसरे दिन 6138 करोड़ पर आकर थम गया। BCCI को प्रति मैच करीब 66 करोड़ (66.74 करोड़) रूपए मिलेंगे। बता दें पिछली बार की तुलना में प्रति मैच BCCI को 23 करोड़ रूपए अधिक मिलेंगे। पिछली अवधि के दौरान बोर्ड को प्रति मैच 43 करोड़ रुपए मिलते थे। अब स्टार के पास BCCI के वैश्विक समग्र अधिकार (जिसमें भारत और शेष विश्व के प्रसारण के अलावा डिजिटल अधिकार भी शामिल हैं) हैं। बता दें इन 5 सालों में टीम इंडिया तीनों प्रारूपों में 102 मैच खेले जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट कर सकता है किसी भी विवाद का सामना
खेल इतिहास में ये पहला मौका है जब इस तरह से नीलामी की गई है। बोली लगाने वाले एक BCCI द्वारा मुहैया कराई गई एक लॉग-इन आईडी के माध्यम से बोली लगा रहे थे। गौरतलब है कि दुनिया में भारतीय क्रिकेट फैंस की संख्या काफी ज्यादा है इसलिए भारतीय टीम के मैचों को दूसरी टीमों की तुलना में काफी ज्यादा देखा जाता है और इसी के चलते BCCI को प्रसारण अधिकारों के चलते काफी बड़ी रकम मिलती है। नीलामी पर नजर रख रहे BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा था, "यह भारतीय क्रिकेट की ताकत है। यह किसी भी प्रकार की नकारात्मकता, प्रशासनिक गड़बड़ और इससे भी बड़े विवादों का सामना कर सकता है।"
Created On :   5 April 2018 6:03 PM IST