पद्म भूषण के लिए नॉमिनेट हुए 'कूल धोनी', पढ़िए पूरा सफर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल फॉर इंडिया (BCCI) ने तीसरे सबसे बड़े पुरस्कार "पद्म भूषण" के लिए नॉमिनेट किया है। BCCI ने क्रिकेट में धोनी के कंट्रीब्यूशन को देखते हुए ये फैसला लिया है। इतना ही नहीं धोनी का नाम बिना किसी मतभेद के नॉमिनेट किया गया है। इस बात की जानकारी BCCI ने दी है। इंडियन क्रिकेट में धोनी ने सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी की है। इससे पहले धोनी को खेल में दिया जाने वाला सबसे बड़ा पुरस्कार "राजीव गांधी खेल रत्न", "पद्म श्री" और "अर्जुन अवॉर्ड" से सम्मानित किया जा चुका है। अब अगर धोनी को "पद्म भूषण" के लिए फाइनल किया जाता है, तो वो ये पुरस्कार पाने वाले 11वें इंडियन क्रिकेटर होंगे।
धोनी के अलावा और किसी को नॉमिनेट नहीं किया
BCCI के एक अधिकारी ने बताया कि इस साल BCCI ने धोनी के अलावा किसी और का नाम नॉमिनेट नहीं किया गया है। अधिकारी का कहना है कि, धोनी के नाम को लेकर बोर्ड मेंबर्स में किसी भी तरह का मतभेद नहीं था और न ही ऐसा कोई खिलाड़ी है, जिसे धोनी की जगह नॉमिनेट किया जा सकता था।
सबसे ज्यादा मैचों में की है धोनी ने कप्तानी
महेंद्र सिंह धोनी इंडियन क्रिकेट के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी की है। धोनी ने 331 मैचों में कप्तानी की है। जिसमें 60 टेस्ट, 199 वनडे और 72 टी-20 मैच शामिल हैं। इतना ही धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिनकी कप्तानी में इंडिया टीम ने ICC की सभी ट्रॉफियों पर कब्जा किया है। धोनी 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 के वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में टीम को जीत दिलाई है।
पद्म भूषण पाने वाले 11वें क्रिकेटर होंगे धोनी
धोनी को अगर पद्म भूषण के लिए फाइनल कर लिया जाता है, तो वो ये अवॉर्ड पाने वाले 11वें क्रिकेटर होंगे। धोनी से पहले ये अवॉर्ड सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर, कपिल देव, चंदू बोर्डे, डीबी देवधर, कर्नल सीके नायडू और लाला अमरनाथ को नवाजा जा चुका है। इसके साथ ही राजा भलिंद्र सिंह और विजय आनंद को भी अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
धोनी का अब तक का करियर
साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने से पहले तक धोनी ने 90 टेस्ट मैच खेले थे। इस दौरान धोनी ने 33 हाफ सेंचुरी लगाई थी। अपने टेस्ट करियर में धोनी ने 4,876 रन बनाए हैं। वहीं T-20 में धोनी अब तक 78 मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 35.65 के एवरेज से 1212 रन बनाए। धोनी ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ T-20 में अपनी पहली हाफ सेंचुरी लगाई है। इसके अलावा धोनी के वनडे करियर की बात करें तो धोनी अब तक 302 मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 52.35 के एवरेज से 9,737 रन बनाए हैं। वनडे करियर में धोनी की ये 66वीं हाफ सेंचुरी है।
100 स्टंपिंग करने वाले एकमात्र खिलाड़ी
इसके अलावा धोनी स्टंपिंग का शतक लगाने वाले भी एकलौते खिलाड़ी हैं। धोनी के नाम वनडे क्रिकेट में 100 स्टंपिंग करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है और रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धोनी ने मैथ्यू वेड को चहल की बॉल पर स्टंपिंग कर अपनी 101वीं स्टंपिंग पूरी की। इससे पहले सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने का रिकॉर्ड श्रीलंका के कुमार संगाकारा के नाम था, जिन्होंने अपने करियर में 99 स्टंपिंग पूरी की थी।
नॉट आउट रहने का रिकॉर्ड
इन सब रिकॉर्ड के अलावा धोनी के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार नॉटआउट रहने का भी रिकॉर्ड है। धोनी अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 124 बार नॉटआउट रह चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में धोनी 16, वनडे में 74 तो T-20 में 34 बार नॉटआउट रहे हैं।
Created On :   20 Sep 2017 9:53 AM GMT