CWG 2018: भारत का स्वर्णिम सफर खत्म, 66 पदकों के साथ तीसरे नंबर पर रहा भारत
डिजिटल डेस्क, गोल्ड कोस्ट। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ खेलों के आखिरी दिन भारत ने 66 पदकों के साथ शानदार अंदाज में अपना सफर समाप्त किया। जिसमें 26 गोल्ड, 20 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत के खेलों के इतिहास में ये तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और भारत गोल्ड कोस्ट में साल 2014 में ग्वास्गो गेम्स के अपने प्रदर्शन 64 पदक को पीछे छोड़ने में कामयाब रहा है। हालांकि भारत साल 2002 में मैनचेस्टर में हुए खेलों के 69 पदक के रिकॉर्ड से कुछ पीछे जरुर रह गया।भारत ने साल 2010 में दिल्ली में हुए खेलों में 101 मेडल हासिल किए थे जो कॉमनवेल्थ गेम्स में अब तक का उसका सबसे अच्छा प्रदर्शन है।
सिल्वर मेडल के साथ सफर खत्म
बैडमिंटन के पुरुष डबल्स में भारत को आखिरी पदक सिल्वर मेडल के तौर पर मिला। भारत के सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के फाइनल में हारते ही भारत को सिल्वर मेडल मिला और 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सफर खत्म हो गया।
आखिरी दिन साइना ने दिलाया सोना
इससे पहले आखिरी दिन भारतीय शटलर साइना नेहवाल ने हमवतन पीवी सिंधु को हराते हुए भारत को 26वां गोल्ड मेडल जिताया, संडे की सुबह कॉमनवेल्थ गेम्स में बैडमिंटन के सिंगल्स के फाइनल में भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु और साइना नेहवाल आमने सामने थीं। फाइनल में साइना और सिंधु के पहुंचने के कारण भारत का गोल्ड और सिल्वर मेडल पहले ही पक्का हो चुका था लेकिन भारतीय फैंस की नजर इस बात पर टिकी हुई थीं कि भारत की दोनों स्टार शटलर साइना नेहवाल और पीवी सिंधु में से कौन किस पर भारी पड़ता है। फाइनल में अनुभवी साइना ने शानदार खेल दिखाया और सिंधु पर जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
श्रीकांत का गोल्ड का सपना टूटा
आखिरी दिन बैडमिंटन के पुरुष वर्ग में वर्ल्ड नम्बर-1 भारतीय खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत उलटफेर का शिकार हो गए और स्वर्ण पदक से चूक गए। श्रीकांत को मलेशिया के ली चोंग वेई ने 19-21, 21-14, 21-14 से मात दी और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
Created On :   15 April 2018 12:08 PM IST