एशिया कप विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम को मिलेगा 1-1 लाख रुपए ईनाम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महिला एशिया कप 2017 जीतने पर भारतीय खिलाड़ियों को ईनाम के रूप में 1-1 लाख रुपए मिलने वाला है। हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला टीम की प्रत्येक सदस्य को 1-1 लाख रुपए देने की घोषणा की है। भारतीय टीम ने एशिया कप के फाइनल में चीन को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया था।
जानकारी के अनुसार जापान के काकामिगाहारा में खेले गये एशिया कप टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही थी। फाइनल में चीन को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 ये हराकर 2004 के बाद पहली बार एशिया कप खिताब जीता था। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अजेय रही और उसने खिताब की राह में अधिक रैंकिंग की चीन और जापान की टीम को भी हराया। भारतीय टीम ने 28 गोल किए और इस बीच केवल पांच गोल गंवाए। इससे उसने अगले साल लंदन में होने वाले वर्ल्डकप के लिए भी क्वालीफाई किया।
सोमवार को जारी बयान में हॉकी इंडिया ने 18 सदस्यीय टीम के अलावा मुख्य कोच को 1-1 लाख रुपए देने की घोषणा की है। जबकि अन्य सहयोगी स्टाफ में से प्रत्येक को 50 हजार रुपए देने की बात कही है। साथ ही कहा कि हॉकी इंडिया कप्तान रानी और पूरी टीम, सहयोगी स्टाफ और कोचिंग स्टाफ को इस जीत पर बधाई देता है।
हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, ‘भारतीय महिला टीम ने 13 साल बाद एशिया कप जीतकर वास्तव में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने इस टूर्नामेंट में अपने जज्बे और प्रतिबद्धता का शानदार नमूना पेश किया और टूर्नामेंट जीतकर महाद्वीपीय चैंपियनशिप के तौर पर अगले साल के वर्ल्डकप के लिए क्वालीफाई किया।
Created On :   6 Nov 2017 7:54 PM IST