वर्ल्ड हॉकी लीग: इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच 'ड्रॉ', अब इंग्लैंड की बारी

Hockey World League finals India draw 1-1 against Australia
वर्ल्ड हॉकी लीग: इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच 'ड्रॉ', अब इंग्लैंड की बारी
वर्ल्ड हॉकी लीग: इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला मैच 'ड्रॉ', अब इंग्लैंड की बारी

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओडिशा में शुक्रवार से शुरू हुई वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल्स में इंडियन हॉकी टीम का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम से हुआ। पूल के पहले ही मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को इंडिया टीम के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा था, लेकिन इंडिया टीम ने भी शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को करारा जवाब दिया। कंगारुओं से ड्रा खेलने के बाद इंडिया टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड से शनिवार को होगा।


मनदीप सिंह ने किया गोल

ओडिशा के कलिंग स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंडिया टीम ने अपना बेहतरीन खेल दिखाया। पूल के पहले मैच में इंडिया टीम ने एग्रेसिव शुरुआत की। इंडिया टीम की तरफ से मनदीप सिंह ने गोल दागकर ऑस्ट्रेलिया पर 1-0 की बढ़त बना ली। मनदीप ने 20वें मिनट में अपना गोल किया। इसके एक मिनट बाद ही ऑस्ट्रेलिया ने भी गोल दागकर मैच को बराबरी पर ला दिया। टीम की तरफ से जेरेमी हेवार्ड ने 21वें मिनट में गोल किया और स्कोर 1-1 की बराबरी पर आ गया।

मौकों का फायदा नहीं उठा पाई इंडिया टीम

इस मैच में इंडिया टीम के पास कई बार गोल करने के मौके मिले, लेकिन वो इसका फायदा नहीं उठा पाई। एशिया कप में जबरदस्त फॉर्म में नजर आए गुरजंत सिंह और आकाशदीप सिंह इस मैच में कुछ कमाल नहीं दिखा पाए, लिहाजा इंडिया टीम ऑस्ट्रेलिया को हरा नहीं पाई। एक वक्त बॉल गुरजंत सिंह के पास थी और उनके पास गोल करने का शानदार मौका था, लेकिन तभी टेलर लोवेल ने फुर्ती दिखाते हुए उनके शॉट को रोक दिया। इसके बाद लोवेल ने फिर से दो गोल बचाए। पहली बार लोवेल ने आकाशदीप को रोका और फिर गुरजंत को भी रोक दिया।

पूल- बी में है टीम इंडिया

वर्ल्ड हॉकी लीग में इंडिया टीम को पूल-बी में शामिल किया गया है। इस पूल में उसके साथ ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और जर्मनी को रखा गया है। वहीं पूल-ए में अर्जेंटिना, नीदरलैंड, बेल्जियम और स्पेन है।


Image result for england vs germany in world hockey league
जर्मनी ने इंग्लैंड को 2-0 से हराया

वहीं इस टूर्नामेंट के पहले दिन एक दूसरे मैच में जर्मनी और इंग्लैंड की भिड़ंत हुई। पूल-बी के इस दूसरे मैच में वर्ल्ड की 5वें नंबर की टीम जर्मनी ने इंग्लैंड को 2-0 से हरा दिया। इस मैच में जर्मनी की तरफ से 19वें मिनट में मैट्स ग्रैमबुश और 25वें मिनट में क्रिस्टोफर रूहर ने गोल दागे। जर्मनी का अगला मुकाबला शनिवार को ऑस्ट्रेलिया के साथ होगा।

कमाल का खेल रही है टीम इंडिया

इंडियन मेंस हॉकी टीम पिछले कुछ समय से काफी अच्छी परफॉर्मेंस दे रही है। एशिया में इंडिया टीम अपना दबदबा कायम करने में कामयाब रही है, लेकिन वर्ल्ड लेवल पर खुदको साबित करना किसी चुनौती से कम नहीं है। इंडिया टीम ने हाल ही में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए एशिया कप में खिताबी जीत दर्ज की थी। इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया एक भी मैच नहीं हारी थी और फाइनल में इंडिया टीम ने मलेशिया को 2-1 से हराया था।

इंडियन हॉकी टीम

गोलकीपर - आकाश अनिल चिकते, सूरज करकेरा
डिफेंडर - हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, दिप्सन टिर्की, वरुण कुमार, रुपिंदर सिंह, बीरेंद्र लाकड़ा
मिडफील्डर - मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेनसना (उपकप्तान), एसके उथप्पा, सुमित, कोथाजीत सिंह
फॉरवर्ड - एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह, मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, गुरजंत सिंह

Created On :   2 Dec 2017 12:24 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story