महिला वर्ल्डकप-2017 : न्यूजीलैंड के सामने पाक की शर्मनाक हार

डिजिटल डेस्क, टांटन। न्यूजीलैंड ने सोफी देवीने की 93 रन की आक्रमक पारी की मदद से आईसीसी महिला विश्वकप के ग्रुप मैच में पाकिस्तान को 210 गेंद शेष रहते 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी महिला टीम महज 144 रन पर ही सिमट गई। इसके बाद 145 रन के लक्ष्य को न्यूजीलैंड की टीम ने 15 ओवर में 2 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
मैच में पाकिस्तान की ओर से कप्तान सना मीर ही टिककर बल्लेबाजी कर सकीं और 86 गेंद में 4 चौके की मदद से 50 रन बनाए। उनके अलावा नाहिदा खान ने 18, आयशा जाफर ने 17 और इराम जावेद ने 14 रन का योगदान किया। न्यूजीलैंड की आक्रमकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने यह लक्ष्य महज 15 ओवर में दो विकेट गंवाकर 147 रन बनाकर हासिल कर लिया। देवीने ने सिर्फ 41 गेंद में 9 छक्के और 7 चौके से 93 रन बनाए। उनके अलावा एमी सेटर्थवेट 38 रन बनाकर नाबाद रहीं।
Created On :   8 July 2017 9:06 PM IST