कॉमनवेल्थ गेम्स : भारतीय हॉकी टीम का हुआ ऐलान, सरदार सिंह बाहर

Indian hockey team announced for commonwealth games 2018
कॉमनवेल्थ गेम्स : भारतीय हॉकी टीम का हुआ ऐलान, सरदार सिंह बाहर
कॉमनवेल्थ गेम्स : भारतीय हॉकी टीम का हुआ ऐलान, सरदार सिंह बाहर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को 18 सदस्यीय टीम की घोषणा करते हुए कप्तान सरदार सिंह को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए सरदार सिंह की जगह मनप्रीत सिंह को टीम की कमान सौंपी गई है। बता दें कि पिछले दो कॉमनवेल्थ गेम्स (2010, 2014) में भारत उपविजेता रहा है। अब तक भारत को गोल्ड मेडल नहीं मिला है।

21वें कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 4 से 15 अप्रैल के बीच होगा। इस टूर्नामेंट में मनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम 7 अप्रैल को पाकिस्तान के खिलाफ मैच से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारतीय टीम को पाकिस्तान, मलेशिया, वेल्स और इंग्लैंड के साथ पूल-बी में रखा गया है।

खराब प्रदर्शन के लिए सरदार सिंह बाहर
दिग्गज सरदार सिंह को उनके पिछले खराब प्रदर्शन को देखते हुए बाहर का रास्ता दिखा है। बता दें कि भारतीय टीम ने सरदार की कप्तानी में ही अजलन शाह हॉकी टूर्नामेंट खेला था। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम खिताबी दौड़ में नहीं पहुंच पाई थी। अपने खराब प्रदर्शन के कारण भारतीय टीम को पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा था।

 

 

मनप्रीत को मिली टीम की कप्तानी
अजलान शाह कप में खराब प्रदर्शन के बाद सरदार का बाहर होना तय माना जा रहा था। हॉकी इंडिया ने सरदार सिंह की जगह मनप्रीत को टीम की कप्तानी सौंपी है। बता दें कि मनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2017 एशिया कप में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं भुवनेश्वर में हॉकी विश्व लीग फाइनल में कांस्य पदक जीता था।

ये हुए चौंकाने वाले बदलाव
हॉकी इंडिया ने इस बार टीम में कुछ चौंकाने वाले बदलाव भी किए हैं। अच्छे प्रदर्शन के बावजूद रमनदीप सिंह को नहीं चुना जाना हैरानी भरा रहा है। अनुभवी गोलकीपर श्रीजेश चोट से उबरकर लौटे हैं। उनका साथ 22 साल के सूरज करकेरा देंगे, जिन्होंने पिछले साल भुवनेश्वर में अच्छा प्रदर्शन किया था। वहीं युवा दिलप्रीत सिंह और विवेक सागर प्रसाद को भी न्यूजीलैंड दौरे पर अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है।


18 सदस्यीय भारतीय टीम

गोलकीपर- श्रीजेश, सूरज करकेरा
डिफेंडर- रुपिंदर पाल सिंह, हरमनप्रीत सिंह, वरुण कुमार, कोठीजीत सिंह, गुरिंदर सिंह, अमित रोहिदास।
मिडफील्डर- मनप्रीत सिंह (कप्तान), चिंगलेन्साना सिंह (उपकप्तान), सुमित, विवेक सागर प्रसाद।
फॉरवर्ड- आकाशदीप सिंह, एसवी सुनील, गुर्जंत सिंह, मंदीप सिंह, ललित उपाध्याय, दिलप्रीत सिंह।

Created On :   13 March 2018 5:03 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story