फ्रेंच ओपन जीतने वाले पहले भारतीय बने के. श्रीकांत

डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन में भारत के स्टार शटलर किदाम्बी श्रीकांत ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को जापान केंता निशिमोतो को सीधे मुकाबले में 21-12, 21-13 से हरा कर सुपर सीरीज खिताब की हैट्रिक पूरी कर ली। फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। चालू सत्र में अपने 5वें फाइनल में पहुंच कर नया रिकार्ड बनाने वाले श्रीकांत का यह इस साल का चौथा और कुल छठा सुपर सीरीज खिताब है। इससे पहले उन्होंने इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और डेनमार्क ओपन में खिताब जीते थे। वह एक साल में चार या इससे अधिक सुपरसीरीज खिताब जीतने वाले दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं।
श्रीकांत ने शुरू से बनाई पकड़
विश्व वरीयता में चौथे नंबर के श्रीकांत ने आज के मुकाबले में शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने केवल चौंतीस मिनट में खेल को अपने नाम कर लिया। इस जीत से श्रीकांत ने निशिमोतो पर अपना दबदबा भी बरकरार रखा। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक जो दो मैच खेले गए उनमें भारतीय खिलाड़ी ने ही बाजी मारी है। जापानी खिलाड़ी ने पहले गेम में शुरु में श्रीकांत को टक्कर देने की कोशिश की। एक समय जापानी खिलाड़ी ने 4-2 से बढ़त ले ली थी। इसके बाद श्रीकांत ने बढ़त हासिल करने का प्रयास किया।
उन्होंने स्कोर 4-4 से बराबर कर लिया। इसके बाद निशिमोतो ने लगातार चार अंक बनाए और 9-5 से आगे हो गए। श्रीकांत ने इसके बाद से मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। इसके बाद उन्होंने कोई गलती नहीं की। उन्होंने लागातार आक्रामक खेल खेला और धमाकेदार स्मैश से निशिमोतो को हैरानी में डाल दिया। श्रीकांत ने लगातार छह अंक बनाए और पहले गेम में ब्रेक तक वह 11-9 से आगे थे। इसके बाद उन्होंने स्कोर 14-10 और फिर 18-12 पर पहुंचाया और इसके बाद लगातार दो अंक बनाकर उन्होंने अपना पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में भी नहीं दिया मौका
दूसरे मुकाबले में भी श्रीकांत ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को शुरूआत से ही उबरने का मौका नहीं दिया और लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी। निशिमोतो ने कई बार उनकी लय तोड़ने की कोशिश की लेकिन श्रीकांत ने उनके हर प्रयास को बेकार कर दिया। श्रीकांत ने शुरूआत से आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और जल्दी ही 4-0 से आगे हो गए। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। मुकाबले पर लगातार अपनी बढ़त जारी रखते हुए उन्होंने 10-2 की बढ़त ले ली। इस बीच जापानी खिलाडी ने कई बार उन पर बढ़त हासिल करने की कोशिश की, लेकिन श्रीकांत ने उसे उबरने का मौका नहीं दिया। ब्रेक तक श्रीकांत 11-5 की संतोषजनक स्थिति में पहुंच चुके थे।
ब्रेक के बाद जब खेल फिर से शुरू हुआ तो श्रीकांत ने अच्छे शाट्स खेल कर बढ़त का क्रम जारी रखा। श्रीकांत ने बेहतरीन रणनीति से विपक्षी खिलाडी को लगातार परेशान रखा। इस दौरान उन्होंने लगातार बेहतरीन फोरहैंड और बैकहैंड शाट्स खेले। जापानी खिलाड़ी ने कई बार श्रीकांत की लय तोड़ने की कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। जिस समय किदांबी श्रीकांत 20-12 से आगे चल रहे थे, उस समय निशिमोतो ने एक मैच पॉइंट बचाया, लेकिन इसके तुरंत बाद श्रीकांत ने अगला अंक हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Created On :   29 Oct 2017 10:46 PM IST