कीनिया के लागेट बने मुंबई मैराथन के विजेता, इथियोपिया की अलेमु ने भी मारी बाजी

Kenyas Cosmas Lagat wins Tata Mumbai Marathon
कीनिया के लागेट बने मुंबई मैराथन के विजेता, इथियोपिया की अलेमु ने भी मारी बाजी
कीनिया के लागेट बने मुंबई मैराथन के विजेता, इथियोपिया की अलेमु ने भी मारी बाजी
हाईलाइट
  • इथियोपिया की वर्कनेस अलेमु ने महिला वर्ग का खिताब जीता।
  • कीनिया के कोसमास लागेट 42 किलोमीटर की मुख्य मैराथन के पुरुष वर्ग के विजेता रहे।
  • सुधा सिंह भारतीयों में शीर्ष पर रहीं। उन्होंने दो घंटे
  • 34 मिनट और 56 सेकेंड में रेस पूरी की।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में रविवार को आयोजित मैराथन में कीनिया के कोसमास लागेट पुरुष वर्ग के विजेता रहे जबकि इथियोपिया की वर्कनेस अलेमु ने महिला वर्ग का खिताब  अपने नाम किया। भारतीयों में नितेंद्र सिंह रावत और सुधा सिंह शीर्ष पर रहे। वही हाफ मैराथन में सेना के श्रीणू मुगाताने और मीनू प्रजापति ने बाजी मारी।

विजेता लागेट ने आखिरी दस किलोमीटर में तेजी दिखाई और 42.195 किलोमीटर की दौड़ दो घंटे नौ मिनट 15 सेकंड में पूरा किया। मैराथन के 16 साल के इतिहास में यह दूसरा सर्वश्रेष्ठ समय है। रिकॉर्ड अब भी कीनिया के ही गिडियोन किपकेटर के नाम पर है जिन्होंने 2016 में दो घंटे आठ मिनट और 35 सेकंड में यह दूरी तय की थी। इस साल दूसरे और तीसरे दोनों स्थानों पर इथियोपिया के धावक रहें। अचेऊ बैंटी दूसरे और अकालन्यू शूमेट तीसरे स्थान पर रहें। महिला वर्ग की विजेला अलेमु ने पिछले साल की विजेता और अपनी ही देश की अमाने गोबेना समेत दूसरी सभी धावकों को पीछे छोड़ दिया। अलेमु ने दो घंटे 25 मिनट और 45 सेकंड में दौड़ पूरी की। गोबेना दूसरे और बर्क डेबेले तीसरे स्थान पर रहीं। महिला वर्ग के तीनों पुरस्कार इथियोपियाई खिलाड़ियों ने जीते।

सुधा सिंह और नीतेंद्र सिंह रावत जीते
एशियाई खेलों की पदक विजेता सुधा सिंह भारतीय महिला वर्ग में प्रथम रहीं। उन्होंने दो घंटे 34 मिनट और 56 सेकंड में यह दौड़ पूरी की। यह सिंह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है साथ ही यह आईएएएफ के सितंबर-अक्टूबर में होने वाले दोहा विश्व चैंपियनशिप के क्वालिफाइंग मार्क दो घंटे 37 मिनट से कम है। भारतीय महिलाओं में ज्योति घाटे दूसरे और जिगमेट गोल्मा तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों के वर्ग में नीतेंद्र सिंह रावत ने भारतीयों में पहला स्थान हासिल किया। रावत ने भी दो घंटे 15 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी कर विश्व चैंपियनशिप के लिए क्लालिफाइ कर लिया है। गोपी ठोकनाल दूसरे और करण सिंह तीसरे स्थान पर रहे।  

Created On :   20 Jan 2019 4:14 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story