मिलेगी DSP की जॉब, 1 करोड़ रुपए और सरकारी मकान

CM शिवराज सिंह चौहान ने ओलिंपियन विवेक सागर पर की सौगातों की बारिश मिलेगी DSP की जॉब, 1 करोड़ रुपए और सरकारी मकान
हाईलाइट
  • विवेक सागर को 1 करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी गई

डिजिटल डेस्क, भोपाल। टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य विवेक सागर पर गुरुवार को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सौगातों की बारिश कर दी। मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाले कांस्य पदक विजेता विवेक सागर को सीएम चौहान ने 1 करोड़ रुपए की सम्मान राशि प्रदान की। साथ ही विवेक को मध्यप्रदेश पुलिस में डीएसपी बनाए जाने की घोषणा भी की। 

मिंटो हॉल में आयोजित इस सम्मान समारोह में भारतीय हॉकी टीम के विवेक सागर के अलावा नीलकांता, शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह, कोच अशोक ध्यानचंद, शिवेंद्र सिंह को मिंटो हाल में सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएम शिवराज, विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, मंत्री यशोधरा सिंधिया, ऊषा ठाकुर, बिसाहूलाल साहू, प्रभुराम चौधरी आदि मौजूद रहे।

सीएम शिवराज ने खिलाड़ियों की हौंसलाफजाई करते हुए कहा कि विवेक सागर सामान्य परिवार से आते हैं। उनके कोच अशोक ध्यानचंद ने उनकी प्रतिभा खोजी और फिर उसे तराशा। अशोक ध्यानचंद ने विवेक को अपने घर में रहकर उन्हें हॉकी के गुर सिखाए। इसलिए मध्य प्रदेश सरकार ने विवेक के कोच अशोक ध्यानचंद को भी सम्मानित किया है।

इसके साथ ही मुख्य सहायक कोच शिवेंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया। सीएम शिवराज सिंह ने बताया कि विवेक की इच्छा अपनी मां के लिए घर बनवाना थी। अब विवेक की मां जहां कहेंगी वहां सरकार उनको घर बनाकर देगी।
 
इसके अलावा ओलंपिक के शूटिंग इवेंट में हिस्सा लेने वाले खरगोन के ऐश्वर्य प्रताप सिंह को 10 लाख की राशि के साथ सम्मानित किया गया। मध्य प्रदेश की प्राची यादव टोक्यो पेरोलम्पिक में भारत के दल में शामिल रहेंगी। उन्हें भी सम्मानित किया गया।

वहीं विवेक सागर ने भी सीएम शिवराज का धन्यवाद करते हुए कहा कि- थैंक्यू शिवराज सर, मामा जी मेरे टीम मेट्स भी हमको बोलते हैं कि आप इतने अच्छे सीएम हैं जो स्पोर्ट्स के लिए इतने आगे आ रहे हैं। यह सुनकर मुझे काफी गर्व महसूस होता है कि शिवराज सर यहां पर हैं। थैंक यू सर थैंक यू सो मच।

Created On :   12 Aug 2021 9:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story