एम एस धोनी को 'पद्म भूषण' सम्मान, जानें पूरा क्रिकेट सफर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर साल 2017 के लिए "पद्म पुरस्कारों" का एलान हो गया है। इस बार कुल 85 लोगों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। इस बार क्रिकेट में टीम इंडिया के फॉर्मर कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी का नाम भी शामिल है और उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। धोनी का नाम इंडियन क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने खुद नॉमिनेट किया था। इसके साथ ही धोनी ये पुरस्कार पाने वाले 11वें इंडियन क्रिकेटर बन गए हैं। बता दें कि इससे पहले धोनी को खेल में दिया जाने वाला सबसे बड़ा पुरस्कार "राजीव गांधी खेल रत्न", "पद्म श्री" और "अर्जुन अवॉर्ड" से सम्मानित किया जा चुका है।
धोनी के अलावा और कोई नहीं
पद्म भूषण अवॉर्ड के लिए BCCI ने महेंद्र सिंह धोनी के अलावा और किसी क्रिकेटर के नाम को नॉमिनेट नहीं किया गया था। 20 सितंबर 2017 को धोनी के नाम को नॉमिनेट किया गया था तब BCCI का कहना था कि धोनी के नाम को लेकर बोर्ड मेंबर्स में किसी भी तरह का कोई मतभेद नहीं था और न ही ऐसा कोई खिलाड़ी है, जिसे धोनी की जगह नॉमिनेट किया जा सके।
सबसे ज्यादा मैचों में की है धोनी ने कप्तानी
महेंद्र सिंह धोनी इंडियन क्रिकेट के इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी की है। धोनी ने 331 मैचों में कप्तानी की है। जिसमें 60 टेस्ट, 199 वनडे और 72 टी-20 मैच शामिल हैं। इतना ही धोनी इकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिनकी कप्तानी में इंडिया टीम ने ICC की सभी ट्रॉफियों पर कब्जा किया है। धोनी 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 के वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी में टीम को जीत दिलाई है।
पद्म भूषण पाने वाले 11वें क्रिकेटर
पद्म भूषण पाने वाले महेंद्र सिंह धोनी 11वें इंडियन क्रिकेटर हैं। धोनी से पहले ये अवॉर्ड सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर, कपिल देव, चंदू बोर्डे, डीबी देवधर, कर्नल सीके नायडू और लाला अमरनाथ को नवाजा जा चुका है। इसके साथ ही राजा भलिंद्र सिंह और विजय आनंद को भी अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
धोनी का अब तक का करियर
साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने से पहले तक धोनी ने 90 टेस्ट मैच खेले थे। इस दौरान धोनी ने 33 हाफ सेंचुरी लगाई थी। अपने टेस्ट करियर में धोनी ने 4,876 रन बनाए हैं। वहीं T-20 में धोनी अब तक 86 मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 36.86 के एवरेज से 1364 रन बनाए। धोनी ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ T-20 में अपनी पहली हाफ सेंचुरी भी लगाई थी। इसके अलावा धोनी के वनडे करियर की बात करें तो धोनी अब तक 312 मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 51.55 के एवरेज से 9,898 रन बनाए हैं। वनडे करियर में धोनी अब तक 10 सेंचुरी और 67 हाफ सेंचुरी भी लगा चुके हैं।
100 स्टंपिंग करने वाले एकमात्र खिलाड़ी
इसके अलावा धोनी स्टंपिंग का शतक लगाने वाले भी एकलौते खिलाड़ी हैं। धोनी के नाम वनडे क्रिकेट में 100 स्टंपिंग करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने का रिकॉर्ड श्रीलंका के कुमार संगाकारा के नाम था, जिन्होंने अपने करियर में 99 स्टंपिंग पूरी की थी।
नॉट आउट रहने का रिकॉर्ड
इन सब रिकॉर्ड के अलावा धोनी के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार नॉटआउट रहने का भी रिकॉर्ड है। धोनी अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में 124 बार नॉटआउट रह चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में धोनी 16, वनडे में 74 तो T-20 में 34 बार नॉटआउट रहे हैं।
Created On :   26 Jan 2018 9:17 AM IST