भारत के खिलाफ सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय टीम के साथ 3 वनडे और 3 टी-20 मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान कर दिया गया है। स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन भारत दौरे पर कीवी टीम के कप्तान होंगे। वहीं वनडे क्रिकेट में पदार्पण की दहलीज पर खड़े ग्लेन फिलिप्स और टाड एस्टल को भारत के खिलाफ 22 अक्तूबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड टीम में शामिल किया गया है।
फिलिप्स और एस्टल के अलावा मैट हेनरी, हेनरी निकोल्स, कोलिन मुनरो और जार्ज वर्कर भारत-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच कल विशाखापत्तनम में होने वाले आखिरी मैच के बाद टीम से जुड़ेंगे। बता दें कि न्यूजीलैंड ने पहले टीम के नौ सदस्यों का चयन किया था और बाकी छह भारत ए के खिलाफ श्रृंखला के जरिये चुने जाने थे।
एस्टल टी20 टीम का हिस्सा होंगे जिन्हें लेग स्पिनर ईश सोढी पर तरजीह दी गई है। उन्होंने दो प्रथम श्रेणी शतक बनाए और 312 विकेट लिए हैं। फिलिप्स ने भारत-ए के खिलाफ श्रृंखला में नाबाद 140 रन बनाए। इसके बाद सीनियर बल्लेबाज रोस टेलर और जार्ज वर्कर स्वदेश लौट जाएंगे।
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड ने पिछली बार सितंबर 2016 में भारत का दौरा किया था, इस दौरान उसने तीन टेस्ट और पांच वनडे मैच खेले थे। टीम इंडिया ने टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड टीम का 3–0 से सफाया किया था और वनडे सीरीज 3-2 से अपने नाम की थी।
- - भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे 22 अक्टूबर को पुणे में होगा।
- - इसके बाद दूसरा वनडे 25 अक्टूबर को मुंबई होगा।
- - जबकि तीसरा वनडे 29 अक्टूबर को कानपुर में होगा।
- - 1 नवंबर से टी20 सीरीज की शुरुआत होगी।
- - पहला टी20 मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेला जाएगा।
- - यह मैच टीम इंडिया के दिग्गज तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का विदाई मैच भी होगा।
- - दूसरा टी20 मुकाबला 4 नवंबर को कटक में होगा।
- - तीसरा और अंतिम टी20 मैच 7 नवंबर को राजकोट में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड वनडे टीम
केन विलियमसन (C) , टाड एस्टल, ट्रेंट बोल्ट, कोलिन डे ग्रांडहोमे, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टाम लाथम, हेनरी निकोल्स, एडम मिल्ने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनेर, टिम साउदी, रोस टेलर, जार्ज वर्कर।
T-20 टीम
केन विलियमसन (C), टाड एस्टल, ट्रेंट बोल्ट, टाम ब्रूस, कोलिन डे ग्रांडहोमे, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टाम लाथम, हेनरी निकोल्स, एडम मिल्ने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनेर, ईश सोढी, टिम साउदी।
Created On :   14 Oct 2017 6:43 PM IST