वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल से पहले इंडिया को मिला नया कोच, पढ़ें पूरा कार्यक्रम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को अब जल्दी ही नया कोच मिलने वाला है। खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने ट्वीट के जरिए इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि टीम इंडिया की महिला हॉकी टीम के मौजूदा मुख्य कोच वाल्थेरुस मरीजिने अब इस पद को संभालेंगे। जबकि द्रोणाचार्य अवॉर्ड विजेता हरेन्द्र सिंह को भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम का हाई परफॉरमेंस विशेषज्ञ कोच नियुक्त किया गया।
बता दें कि हाल ही में हॉकी इंडिया ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर टीम के लगातार औसत प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए कोच रोलेंट ओल्टमेंस को पद से हटा दिया था। यह फैसला हॉकी इंडिया की हाई परफार्मेंस और डेवलपमेंट कमेटी की 3 दिवसीय बैठक में लिया गया था। तीन दिन तक चली इस बैठक में 24 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया था। जिसमें कहा गया था कि रोलेंट ओल्टमेंस ने मुख्य कोच के रूप में टीम की फिटनेस सुधारने पर काफी काम किया लेकिन टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
हॉकी इंडिया की चयन समिति के प्रमुख हरबिंदर सिंह ने कहा था कि ,’हम 2016 और 2017 में भारतीय पुरूष हाकी टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं। हमारा मानना है कि एशिया में जीत सफलता का मानदंड नहीं हो सकती। इसमें कहा गया कि हमें अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में नतीजे दिखाने होंगे। पिछले दो सालों में वैसी सफलता नहीं मिली है।
हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल कार्यक्रम
- इसी साल के अंत में भारत की मेजबानी में हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल आयोजित किया जाएगा।
- इंडिया टीम अपना पहला मैच 1 दिसंबर पांच बार की विजेता आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी।
- यह मैच पहला मैच भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेला जाएगा।
- दूसरे मैच में वह 2 दिसंबर को इंग्लैंड से भिड़ेगी।
- चार दिसंबर को उसका सामना जर्मनी से होगा।
- हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल का आयोजन एक से 10 दिसंबर के बीच किया जाएगा।
- अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने पूरा कार्यक्रम गुरुवार को जारी कर दिया है।
- भारत को पूल-B में जगह मिली है।
- पूल-B में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता जर्मनी है।
- पूले-A में अर्जेंटीना, नीदरलैंड्स, बेल्जियम और स्पेन की टीमें हैं।



Created On :   8 Sept 2017 6:56 PM IST