सेल्फी की खींचतान में टूटा विराट का कान

- चंद घंटों में म्यूजियम प्रबंधन ने सुधरवाया पुतला
- मैडम तुषाद में लगा विराट कोहली का पुतला क्षतिग्रस्त
- सेल्फी की खींचतान में टूटा विराट के पुतले का कान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में मैडम तुषाद म्यूजियम में बनाए गए टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली के पुतले का कान किसी फैन ने तोड़ दिया है। बुधवार को ही मैडम तुषाद के म्यूजियम में विराट कोहली के पुतले का अनावरण हुआ था और उसके बाद बड़ी संख्या में फैंस विराट के पुतले को देखने के लिए यहां पर पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि फैंस में विराट के पुतले को देखने के लिए गजब का उत्साह देखा जा रहा है और अगले ही दिन बड़ी संख्या में फैंस विराट के पुतले के साथ सेल्फी खिंचाने के लिए पहुंचे थे देखते ही देखते पुतले के पास फैंस का जमघट लग गया और इसी बीच हुई अफरा तफरी में किसी ने विराट के पुतले का कान तोड़ दिया।
म्यूजियम प्रबंधन ने सुधरवाया पुतला
विराट के पुतले के क्षतिग्रस्त होने की खबर लगते ही तुरंत ही म्यूजियम प्रबंधन हरकत में आया और क्षतिग्रस्त हुए कान को सुधरवाया और फिर उसे सही जगह पर लगा दिया गया है। अब एक बार फिर विराट के फैंस उनके पुतले का दीदार कर सकते हैं और उसके साथ सेल्फी ले सकते हैं।
म्यूजियम में मिलती है सेल्फी की छूट
मैडम तुसाद म्यूजियम में आने वाले लोगों को यहां सिलेब्रिटीज के पुतलों के साथ फोटो खिंचाने की और पुतलों को छूने की छूट होती है। म्यूजियम प्रबंधन का मानना है कि ऐसा होने से म्यूजियम में आने वाले लोग अपने हीरो के बीच खड़े होने का रियल एहसास करते हैं। संभवत: दिल्ली के तुसाद म्यूजियम में ये पहला मौका है, जब यहां के किसी पुतले को आगंतुकों ने नुकसान पहुंचाया है। बता दें कि बुधवार को ही विराट कोहली के पुतले को तुसाद म्यूजियम में लगाया गया था और दूसरे ही दिन उनके पुतले के क्षतिग्रस्त होने की खबर सामने आई। हालांकि कुछ ही घंटों में पुतले को ठीक कर दिया गया है।
Created On :   8 Jun 2018 1:12 PM IST