#Women hockey world league : आयरलैंड के हाथों 2-1 से हारकर भारत 8वें नंबर पर

डिजिटल डेस्क, जोहानसबर्ग। महिला हॉकी वर्ल्ड लीग में आयरलैंड के हाथों हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम टूर्नामेंट में 8वें नंबर पर रही। आयरलैंड के खिलाफ एक गोल की बढ़त बनाने के बावजूद भारतीय महिला हॉकी टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। पूरे मैच में दबदबा बनाने के बावजूद भारत ने विरोधी टीम को आखिर के क्वार्टर में दो गोल करने का मौका दे दिया और यही हार का कारण भी रहा।
भारत रहा हावी
पहले क्वार्टर में भारत की शुरूआत धीमी रही।आयरलैंड को 10वें मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर मिला, लेकिन मोनिका ने इस पर गोल नहीं होने दिया। इसके 5 मिनट बाद भारत को पेनल्टी कार्नर मिला, जिसे गुरजीत कौर ने गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। नवजोत कौर को 24वें मिनट में आयरलैंड की गोलकीपर आयशा मैकमेरान ने बाधा पहुंचाई, जिससे उन्हें नीला कार्ड देखना पड़ा।
यहां हुई भारत की हार
भारत को पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन आयरलैंड की कार्यवाहक गोलकीपर ग्रेस ओ फ्लानागन ने उस पर गोल नहीं होने दिया। भारत ने बढ़त दुगनी करने का मौका गंवा दिया। जब 28वें मिनट में स्ट्राइकर रानी का गोल अमान्य करार दिया गया। तीसरे क्वार्टर में भारत को लगातार दो पेनल्टी कार्नर मिले, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। चौथे क्वार्टर में आयरलैंड के लिये कैथरीन मुलान ने 47वें मिनट में बराबरी का गोल किया। इसके एक मिनट बाद लिजी कोल्विन ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर टीम को 2-1 से बढ़त दिला दी और यहां से भारत मैच में वापसी नहीं कर पाया।
Created On :   22 July 2017 6:58 PM IST