India vs New Zealand 4th ODI: मैट हेनरी के 'स‍िक्सर' के सामने ढेर हुई टीम इंडिया, मिली ODI में 244 रनों की दूसरी सबसे बड़ी हार

मैट हेनरी के स‍िक्सर के सामने ढेर हुई टीम इंडिया, मिली ODI में 244 रनों की दूसरी सबसे बड़ी हार
माउंट माउंगानुई के बे ओवल में भारत और न्यूजीलैंड की टीम्स आमने-सामने हुईं। भारतीय टीम को इस मुकाबले में शर्मनाक हार झेलनी पड़ी है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार 13 नवंबर को खेला गया। माउंट माउंगानुई के बे ओवल में आयोजित इस मैच में न्यूजीलैंड ने 244 रनों से जीत लिया है। मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 334 रनों का टारगेट दिया था, जिसका पीछा करते हुए भारतीय टीम 26.4 ओवरों में 89 रनों पर सिमट गई। चौथे वनडे मैच में भारतीय टीम के सभी धुरंधर फ्लॉर रहे। देखा जाए तो रनों के हिसाब से ये टीम इंडिया की दूसरी सबसे बड़ी हार है। बता दें कि 1999 में कोका-कोला चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत को श्रीलंका के हाथों 245 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।

जानें कैसी रही भारतीय पारी

रनचेज में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में उसने रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर के विकेट गंवा दिए। तीनों खिलाड़ी 0 पर आउट हुए। हेनरी ने रोहित को पारी की पहली गेंद पर फिन एलन के हाथों कैच आउट कराया। वे गोल्डन डक पर आउट हो गए। फिर पांचवीं गेंद पर कोहली बोल्ड हुए, जबकि अगली गेंद पर श्रेयस को एलबीडब्ल्यू होना पड़ा। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ (5 रन) भी काइल जेमिसन की गेंद पर चलते बने, जिसके चलते टीम का स्कोर 9/4 हो गया।

इसके बाद ईशान किशन और अक्षर पटेल के बीच चौथे विकेट के लिए 44 रनों की पार्टनरशिप हुई। इसके बाद अक्षर (21 रन) तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। भारत को छठा झटका ईशान किशन के रूप में लगा, जो मैट हेनरी का मैच में श‍िकार बने। ईशान ने 53 गेंदों पर 27 रन बनाए, जिसमें 4 चौके शामिल रहे। आक‍िब नबी (5) कुलदीप यादव (1) फ‍िशर और हेनरी का श‍िकार बने, कुलदीप को आउट कर मैट हेनरी ने मैच में अपना व‍िकेटों का पंजा कंपलीट किया। नमन धीर ने तेज खेलने की कोश‍िश की लेकिन वो 24 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हो गए। भारत का आखिरी विकेट गुरनूर बरार के रूप में गिरा, जो हेनरी का शिकार बने।

न्यूजीलैंड के लिए विल यंग का शतक

मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 333 रन बनाए। कीवी टीम की शुरुआत शानदार रही। टिम सीफर्ट और विल यंग ने पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। इस पार्टनरशिप को गुरनूर बरार रोका, जिन्होंने सीफर्ट को चलता किया। सीफर्ट ने 6 चौके और तीन छक्के की मदद से 48 बॉल पर 58 रन बनाए। इसके बाद अक्षर पटेल ने निक केली (4 रन) के रूप में भारत को दूसरी सफलता दिलाई। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (8 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके और उनका विकेट आकिब नबी ने झटका फॉक्सक्रॉफ्ट के आउट होने समय स्कोर 125/3 था। यहां से विल यंग और फिन एलन के बीच चौथे विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी हुई। एलन का विकेट अक्षर पटेल ने झटका। एलन के आउट होने के कुछ देर बाद यंग ने अपनी 5वीं ओडीआई सेंचुरी पूरी कर ली। यंग ने 14 चौके और चार छक्के की मदद से 108 गेंदों पर 125 रन बनाए। यंग का विकेट नमन धीर ने चटकाया। यंग के बाद माइकल ब्रेसवेल (15 रन) के रूप में न्यूजीलैंड का छठा विकेट गिरा।

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर (24 रन) लय में लग रहे थे, लेकिन अर्शदीप सिंह ने उन्हें चलता कर दिया। इंग्लैंड के आखिरी तीन विकेट क्रिस्टियन क्लार्क (22 रन), मैट हेनरी (2 रन) और मैथ्यू फिशर (1 रन) के रूप में गिरे। भारत की ओर से आकिब नबी, गुरनूर बरार और अक्षर पटेल ने दो विकेट झटके। वहीं नमन धीर और अर्शदीप को एक-एक सफलता मिली।

भारत vs न्यूजीलैंड (हेड टू हेड)

कुल ODI मैच: 127

भारत ने जीते: 65

न्यूजीलैंड ने जीते: 53

बेनतीजा: 8

टाई: 1

चौथे वनडे में भारत की प्लेइंग XI: रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, नमन धीर, अक्षर पटेल, आकिब नबी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह।

चौथे वनडे में न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), विल यंग, ​​निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जेमिसन, मैट हेनरी और मैथ्यू फिशर।

Created On :  

Tags

Next Story