IPL 2027: रोमारियो शेफर्ड से लेकर यश दयाल तक, इन 9 खिलाड़ियों को RCB कर सकती है रिलीज

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के बाद अब अगले सीजन की तैयारी शुरू कर दी है। टीम ने 2025 में पहली बार आईपीएल का खिताब जीता था। इसके बाद 2026 में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। अब सबकी नजरें आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन पर हैं।
मिनी ऑक्शन से पहले सभी फ्रेंचाइजी को अपने खिलाड़ियों की रिटेंशन और रिलीज लिस्ट तैयार करनी होगी। इस बार टीमों को अपनी पसंद के खिलाड़ियों को रिटेन करने की आजादी होगी। ऐसे में आरसीबी भी अपनी चैंपियन टीम के खिलाड़ियों को बनाए रखने की कोशिश करेगी। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
यह भी पढ़े -IPL के इम्पैक्ट प्लेयर के नियम पर दिनेश कार्तिक की आई प्रतिक्रिया, जाने ऑलराउंडर्स को लेकर क्या कहा?
इन खिलाड़ियों का टीम में बने रहना लगभग तय
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने लगातार दो सीजन टीम को चैंपियन बनाया है। ऐसे में उन्हें टीम से बाहर करने या कप्तानी बदलने की संभावना काफी कम है। वहीं, विराट कोहली भी साफ कर चुके हैं कि वह अपने आईपीएल करियर में आरसीबी के अलावा किसी दूसरी टीम के लिए नहीं खेलना चाहते।
टीम की संभावित रिटेंशन लिस्ट में 17 खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों में फिल साल्ट, जैकब बेथल, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, जॉर्डन कॉक्स और टिम डेविड को टीम अपने साथ बनाए रख सकती है।
इसके अलावा क्रुणाल पांड्या का भी टीम में बने रहना लगभग तय माना जा रहा है। उन्होंने पिछले दोनों सीजन में टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया है।
भुवनेश्वर कुमार और वेंकटेश अय्यर पर भी नजर
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने पिछले दो सीजन में आरसीबी के लिए शानदार गेंदबाजी की है। उनके प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 2026 के आईपीएल में 16 मैच खेलकर 28 विकेट हासिल किए। इससे पहले 2025 में भी उन्होंने 17 विकेट लिए थे। उनके इसी प्रदर्शन के दम पर करीब चार साल बाद भारतीय टीम में उनकी वापसी हुई।
वहीं, वेंकटेश अय्यर को लेकर फ्रेंचाइजी फैसला ले सकती है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 2025 के मेगा ऑक्शन में 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसके बाद केकेआर ने उन्हें रिलीज कर दिया।
आरसीबी ने 2026 के ऑक्शन में वेंकटेश को 7 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने 6 पारियों में 209 रन बनाए, लेकिन गेंदबाजी में कोई योगदान नहीं दिया। ऐसे में टीम अगले सीजन से पहले उन्हें रिलीज करने का फैसला कर सकती है।
RCB इन 9 खिलाड़ियों को कर सकती है रिलीज
आरसीबी की संभावित रिलीज लिस्ट में 9 खिलाड़ियों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें कुछ विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। फ्रेंचाइजी इन खिलाड़ियों को रिलीज कर मिनी ऑक्शन में नए विकल्प तलाश सकती है।
- वेंकटेश अय्यर
- रोमारियो शेफर्ड
- मंगेश यादव
- नुवान तुषारा
- अभिनंदन सिंह
- यश दयाल
- रिचर्ड ग्लीसन
- सात्विक देसवाल
- विक्की ओस्तवाल
Created On :  
