एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: भारतीय हॉकी टीम ने जीता खिताब, फाइनल में जापान को 4-1 से दी मात, आखिरी क्वार्टर में पलटी बाजी

भारतीय हॉकी टीम ने जीता खिताब, फाइनल में जापान को 4-1 से दी मात, आखिरी क्वार्टर में पलटी बाजी
भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम ने फाइनल मुकाबले में जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम ने फाइनल मुकाबले में जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। यह छठवीं बार है जब टीम इंडिया इस टूर्नामेंट की विजेता बनी है। मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ।

मैच में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दो क्वार्टर तक जापान ने 1-0 की बढ़त बनाकर रखी। ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया मैच हार जाएगी। लेकिन तीसरे क्वार्टर में स्कोर 1-1 से बराबरी पर आया। चौथे क्वार्टर में तो भारतीय टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने इस क्वार्टर में तीन गोल दागे, जिससे पूरी बाजी ही पलट गई।

भारत के लिए शिलानंद लकड़ा, दिलप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और विवेक प्रसाद ने 1-1 गोल किया वहीं जापान की तरफ से हुए एकमात्र गोल कजुमासा मात्सुमोतो ने किया।

ऐसा रहा मैच का हाल

मैच के तीसरे मिनट में ही जापान ने बढ़त ले ली। टीम की तरफ से कजुमासा मात्सुमोतो ने गोल किया। पहले क्वार्टर में मिली 1-0 की बढ़त को जापान ने दो क्वार्टर तक बरकरार रखा। मतलब हाफ टाइम तक जापान मुकाबले में 1-0 से आगे था।

तीसरे क्वार्टर (42वें मिनट) में शिलानंद लकड़ा ने गोल कर भारत को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके आखिरी क्वार्टर में तो मेजबान टीम ने गोल की झड़ी लगा दी। इस क्वार्टर में टीम इंडिया ने 3 गोल किए। 48वें मिनट पर दिलप्रीत सिंह ने गोल 53वें में जुगराज सिंह ने गोल दाग कर भारत की बढ़त को 3-1 पर ला दिया। इसके अगले ही मिनट विवेक प्रसाद ने शानदार गोल कर बढ़त को 4-1 कर दिया। फुल टाइम होने तक यही स्कोर रहा और भारत ने मैच को 4-1 से अपने नाम कर लिया।

Created On :  

Tags

Next Story