Asian Games 2026: भारत ने पाकिस्तान पर दर्ज की एकतरफा जीत, 3-0 से रौंदकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह, मुकाबले के बाद खिलाड़ियों ने मिलाए हाथ

भारत ने पाकिस्तान पर दर्ज की एकतरफा जीत, 3-0 से रौंदकर क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह, मुकाबले के बाद खिलाड़ियों ने मिलाए हाथ
जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में मात दी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जापान के आइची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में मात दी। सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला की तिकड़ी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को 3-0 से रौंद दिया। इसी के साथ टीम ने क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत के लिए मुकाबले का आगाज सुतीर्था मुखर्जी ने किया। उन्होंने पाकिस्तान की अलीना खान के खिलाफ अटैकिंग खेल का प्रदर्शन किया। इस दौरान पाकिस्तान की खिलाड़ी उनके सामने पूरी तरह से बैकफुट पर दिखाई दीं।

सुतीर्था ने पहला गेम 11-3 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे गेम में भी उनका दबदबा देखने को मिला। यह गेम भी उन्होंने 11-3 से जीता। तीसरे गेम को 11-4 से जीतने के साथ ही सुतीर्था ने मैच को जीत लिया और भारत 1-0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद दूसरे मुकाबले में सिंड्रेला दास और पाकिस्तान की कुलसूम खान की भिड़ंत हुई। सिंड्रेला ने दमदार प्रदर्शन मुकाबले को आसानी से 11-6, 11-7, 11-5 से अपने नाम कर लिया और भारत को मुकाबले में 2-0 की बढ़त दिलाई।

तीसरे मुकाबले को अपने नाम कर श्रीजा अकुला ने भारत की जीत पर मुहर लगाई। वह पूरे मैच में पाकिस्तान की फातिमा खान के खिलाफ हावी नजर आईं। श्रीजा ने मैच को 11-4, 11-4 और 11-5 जीता।

मैच के बाद हुआ हैंडशेक

इस मैच में भारत-पाकिस्तान के बीच हैंडशेक विवाद देखने को नहीं मिला। सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला ने अपने-अपने मैच जीतने के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलया। अब भारतीय टीम की कोशिश आगे के मुकाबले जीतकर मेडल हासिल करने की होगी।

Created On :   21 Sept 2026 9:18 AM IST

Tags

Next Story