हादसा: छिंदवाड़ा के पांढुर्ना में कपास की गाड़ी से गिरा मजदूर, मौत

छिंदवाड़ा के पांढुर्ना में कपास की गाड़ी से गिरा मजदूर, मौत
  • गाड़ी में कपास भरते वक्त हुआ हादसा
  • हाइवे पर घायल मिला युवक
  • मृतक महाराष्ट्र के नरखेड़ तहसील के ग्राम सावरगांव का निवासी

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में वाहन में कपास भरने के दौरान ऊपर बैठा एक मजदूर अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। घायल मजदूर को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम राजना में कपास की गाड़ी भरते समय महाराष्ट्र के नरखेड़ तहसील के ग्राम सावरगांव निवासी ४० वर्षीय गणेश पिता शंकर खड़से ऊपर बैठा था। कपास भरते समय गणेश का बैलेंस बिगड़ गया और बारह फीट ऊपर से जमीन पर आ गिरा। घायल गणेश को सिविल अस्पताल लाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे गणेश को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गणेश सिर के बल नीचे गिरा था। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।

हाइवे पर घायल मिला युवक-

इधर एक अन्य दुर्घटना में एक युवक को गंभीर चोट आई है। युवक हाईवे स्थित ग्राम हिवरा सेनाडवार के समीप घायल अवस्था में पड़ा था। पुलिस को सूचना मिलने पर डायल-१०० स्टाफ मौके पर पहुंचा था। आरक्षक दिनेश वरखड़े व पायलट किशोर खोडऩकर ने मौके से लाकर युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। प्राथमिक इलाज के बाद युवक को नागपुर रेफर किया गया है।

Created On :   10 Jun 2024 3:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story