BMC Election 2026: क्या शरद पवार की NCP से गठबंधन करने के मूड में हैं राज ठाकरे? जानें MNS चीफ का जवाब

क्या शरद पवार की NCP से गठबंधन करने के मूड में हैं राज ठाकरे? जानें MNS चीफ का जवाब
महाराष्ट्र में बीएमसी चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के चीफ राज ठाकरे ने सोमवार को अपने पार्टी पदाधिकारियों से अपील की है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र में बीएमसी चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के चीफ राज ठाकरे ने सोमवार को अपने पार्टी पदाधिकारियों से अपील की है। उन्होंने कहा है कि शिवसेना (उद्धव गुट) के साथ एकजुट होकर 'मुंबई को बचाने' और 15 जनवरी को होने वाले मुंबई नगर निगम चुनावों में दोनों दलों के गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करें।

राज ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

दरअसल, राज ठाकरे सोमवार को रंगाशारदा सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने का सपना देखते हैं और इसके लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं।

वहीं, पार्टी नेता बाला नंदगांवकर ने राज ठाकरे के हवाले से कहा, 'मुंबई को तोड़ने का यह सपना चकनाचूर होना चाहिए। मुंबई मराठी मानुष और महाराष्ट्र की है। यह चुनाव मराठी मानुष के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। महाराष्ट्र से बड़ा कोई संघर्ष नहीं है।' ठाकरे ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए क्योंकि इन नगर निकाय चुनावों में हर सीट महत्वपूर्ण है।

एनसीपी (शरद गुट) रहेगी गठबंधन का हिस्सा - राज ठाकरे

राज ठाकरे ने कहा, 'मुंबई को बचाने के लिए अपने मतभेदों को एक तरफ रख दें। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों को शिवसेना (UBT) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार में भाग लेना चाहिए और शिवसेना (UBT) भी ऐसा ही करेगी।' इसके साथ ही उन्होंने कहा कि NCP (शरदचंद्र पवार) भी गठबंधन का हिस्सा होगी।

नंदगांवकर ने कहा कि पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने के लिए आवश्यक एबी फॉर्म सोमवार को वितरित किए जाएंगे। नंदगांवकर ने कहा कि कुछ वार्ड के लिए अंतिम समय की बातचीत अभी भी जारी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनाव 15 जनवरी को होंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर है और वोटों की गिनती 16 जनवरी को होगी।

Created On :   29 Dec 2025 10:00 PM IST

Tags

Next Story