- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में बड़ा...
Tikamgarh Road Accident: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में बड़ा हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 11 साल के बच्चे की मौत

डिजिटल डेस्क, टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत अजनौर गांव में सोमवार को एक रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 11 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार कुंडेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले के बछरावनी निवासी संतोष आदिवासी अपने परिवार के साथ सावन सोमवार के अवसर पर कुंडेश्वर धाम के दर्शन करने आया था। दर्शन करके वे अपने गांव लौट रहे थे, इस दौरान नरसिंहगढ़ से राखड़ भरकर आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में संतोष के 11 साल के बेटे राजकुमार आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रंक में तोड़फोड़ की और जमकर हंगामा किया। हादसे की सूचना मिलने पर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम और माता पिता को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही है। उसकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी ट्रक चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Created On :   4 Aug 2026 1:50 AM IST









