MP News: दतिया उपचुनाव में मिली हार को लेकर बीजेपी ने बुलाई समीक्षा बैठक, भितरघातियों पर हो सकती है कार्रवाई

दतिया उपचुनाव में मिली हार को लेकर बीजेपी ने बुलाई समीक्षा बैठक, भितरघातियों पर हो सकती है कार्रवाई
दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी ने बुधवार को समीक्षा बैठक बुलाई है, जिसमें सीएम मोहन यादव के साथ ही बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष और अन्य सीनियर लीडर मौजूद रहेंगे।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6016 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। सत्ता में रहते हुए भी हार मिलने की वजह भितरघात को बताया जा रहा है। इसी के मद्देनजर बुधवार को पार्टी ने समीक्षा बैठक बुलाई है, जिसमें हार के कारणों पर मंथन किया जाएगा।

यह बैठक मुख्यमंत्री आवास में होने की संभावना जताई जा रही है, जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ बीजेपी प्रमुख हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह शामिल होंगे। इनके अलावा दतिया के चुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और राकेश शुक्ला समेत वो नेता शामिल होंगे जिन्हें पार्टी ने दतिया भेजा था।

पार्षदों पर होगी कार्रवाई

दतिया उपचुनाव में ग्रामीण के मुकाबले शहरी इलाकों में बीजेपी को अच्छे वोट मिलने की उम्मीद थी लेकिन, ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेस ने यहां बढ़त ले ली। आशुतोष तिवारी शहरी क्षेत्र में 11 हजार वोटों से पिछड़े। वहीं ग्रामीण इलाकों में बीजेपी को कांग्रेस लगभग 5 हजार ज्यादा वोट मिलीं। माना जा रहा है कि दतिया नगर पालिका में बीजेपी के कई पार्षदों ने भितरघात किया है। समीक्षा बैठक में इन्ही पार्षदों पर एक्शन लिया जा सकता है। जिन वार्डों से बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है, उनके जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा का वार्ड भी शामिल है।

इससे पहले पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बड़ा बयान भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि पार्टी के खिलाफ काम करने वालों पर एक्शन लिया जाएगा। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा था, 'पार्टी चुनाव में हार के कारणों की विस्तार से समीक्षा करेगी। जिन भी कार्यकर्ताओं या पदाधिकारियों ने पार्टी के खिलाफ काम किया है या चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की है, उन पर सख्त एक्शन होगा। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल दोषियों को बीजेपी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।'

Created On :   4 Aug 2026 1:23 AM IST

Tags

Next Story