Chhindwara Road Accident: मटकुली में भीषण दुघर्टना, छिंदवाड़ा के एक युवक समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत

मटकुली में भीषण दुघर्टना, छिंदवाड़ा के एक युवक समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत
तामिया पिपरिया रोड पर मटकुली से 4 किमी आगे पिपरिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और 8 वर्षीय बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई।

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/झिरपा। तामिया पिपरिया रोड पर मटकुली से 4 किमी आगे पिपरिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और 8 वर्षीय बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। यहां बाइक को टक्कर मारने के बाद बोलेरो वाहन पलट गया था। हादसे में बोलेरो सवार चार लोगों के अलावा बाइक सवार एक युवक की मृत्यु हुई है। मृतकों में एक युवक छिंदवाड़ा के माहुलझिर के गांव करेर का रहने वाला है। वहीं दो युवकों को गंभीर चोट आई है। घायलों को पिपरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार सोमवार शाम लगभग 5.30 बजे करेर गांव से बोलेरो वाहन पिपरिया जा रहा था। वहीं बाइक सवार पिपरिया की ओर से आ रहे थे। मटकुली से चार किमी आगे बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद बोलेरो वाहन पलट गया था।

एक्सीडेंट इतना भीषण था कि बाइक सवार करेर निवासी 40 वर्षीय कुलदीप पिता नीमचंद ठाकुर और बोलेरो सवार नर्मदापुरम निवासी 48 वर्षीय प्रदीप पिता प्रकाश धुर्वे, 45 वर्षीय ज्योति पति प्रदीप धुर्वे, 8 वर्षीय अक्षत पिता प्रदीप धुर्वे और सामनापुर निवासी 55 वर्षीय पंचम पिता सुखराम ठाकुर की मौत हो गई। वहीं सामनापुर निवासी 21 वर्षीय शरद पिता जवाहर लाल उईके और 25 वर्षीय आकाश पिता हीरालाल धुर्वे को गंभीर चोट आई है।

Created On :   15 Jun 2026 10:23 PM IST

Tags

Next Story