- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक...
MP News: भोपाल में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक शुरू, नई टीम के साथ संगठन की रणनीति पर मंथन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की अहम बैठक बुधवार शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुरू हो गई। बैठक से पहले नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी विप्लब देव और सह प्रभारी रेखा वर्मा पार्टी कार्यालय पहुंचे। दोनों नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रदेश संगठन के साथ उनकी पहली परिचयात्मक बैठक शुरू हुई।
बैठक में संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। आंध्र प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी और पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया भी पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे आज ही रवाना हो रहे हैं और मध्यप्रदेश में सरकार और संगठन में काम करने के अपने अनुभव के आधार पर आगे काम करेंगे।
शिवराज और राजेंद्र शुक्ला बाद में होंगे शामिल
बैठक शुरू होने के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला मौजूद नहीं थे। जानकारी के मुताबिक शिवराज सिंह चौहान दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं और शाम करीब 7:30 बजे तक बैठक में शामिल हो सकते हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के भी कुछ देर बाद बैठक में पहुंचने की जानकारी है।
2027 के चुनावों को लेकर बनेगी रणनीति
कोर ग्रुप की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हो रही है। इसके साथ ही 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों पर भी मंथन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की समीक्षा भी बैठक के एजेंडे में शामिल है। नई संगठनात्मक टीम के गठन के बाद हो रही इस पहली बड़ी बैठक में सरकार और संगठन के बीच समन्वय को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
ये नेता कोर ग्रुप में शामिल
भाजपा के कोर ग्रुप में संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेश प्रभारी विप्लब देव, सह प्रभारी रेखा वर्मा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला शामिल हैं।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, संपतिया उइके, सांसद वीडी शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते, लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, लाल सिंह आर्य और पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया भी कोर ग्रुप के सदस्यों में शामिल हैं।
Created On :   30 Sept 2026 7:28 PM IST










