- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती...
MP News: ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती बंद करने की मांग, विधायक सचिन सुभाष यादव ने CM को लिखा पत्र

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार हो रही बिजली कटौती का मुद्दा उठाया गया है। विधायक सचिन सुभाष यादव ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर ग्रामीण इलाकों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से ग्रामीणों, किसानों और दुर्गा उत्सव के आयोजन में जुटे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है।
विधायक ने पत्र में बताया कि मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, खरगोन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय और शाम 6 बजे से रात तक बार-बार बिजली बंद की जा रही है। इससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़े -DRI ने भोपाल में 2.604 किलो एम्फेटामाइन ड्रग जब्त की, कीमत ₹2.08 करोड़, एक महिला तस्कर गिरफ्तार
दुर्गा उत्सव के दौरान बढ़ रही परेशानी
पत्र के मुताबिक, इन दिनों हिंदू पर्व दुर्गा उत्सव चल रहा है। ऐसे में बिजली कटौती के कारण दुर्गा पंडालों और धार्मिक स्थलों पर अंधेरा हो जाता है। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने में परेशानी होती है। विधायक ने इस समस्या को देखते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।
दुर्गा उत्सव के समय ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली कटौती किसानों, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन रही है ।
मुख्यमंत्री जी से आग्रह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें,
आस्था, खेती और ग्रामीणों की जरूरतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जा सकती ।
— Sachin Subhashchandra Yadav (@SYadavMLA) October 15, 2026
किसानों के काम भी हो रहे प्रभावित
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती का असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है। किसानों को सिंचाई समेत दूसरे जरूरी कृषि कार्यों में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर उनके विधानसभा क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की ओर से ज्ञापन, धरना और चक्काजाम जैसे विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़े -नशीली कफ सिरप मामले में फरार इनामी आरोपी अभिषेक देहरादून से गिरफ्तार, अब तक 25 आरोपी गिरफ्तार
रात में लंबी कटौती के बजाय तय समय पर हो बिजली बंद
सचिन सुभाष यादव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार और बिना बाधा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि बिजली व्यवस्था बनाए रखने या तकनीकी कारणों से कटौती करना जरूरी हो, तो रात के समय लंबे समय तक बिजली बंद करने के बजाय दिन में सीमित अवधि के लिए कटौती की जाए। विधायक ने उम्मीद जताई कि ग्रामीण नागरिकों, श्रद्धालुओं और किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार इस मामले में जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगी।
Created On :   15 Oct 2026 5:12 PM IST













