मध्यप्रदेश चुनाव 2023: अजय सिंह ने भाजपा सरकार पर लगाये गंभीर आरोप, प्रदेश में सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित

अजय सिंह ने भाजपा सरकार पर लगाये गंभीर आरोप, प्रदेश में सत्ता परिवर्तन सुनिश्चित
पोलिंग का परिणाम तय करेगा पार्टी कार्यकर्ताओं की ताकत - अजय सिंह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत, क्षमता और एकजुटता के साथ कांग्रेस की विजय में महत्वपूर्ण भूमिका के निर्वहन की अपील की है। उन्होंने कहा कि चुनाव का परिणाम कार्यकर्ताओं की मेहनत और ताकत को प्रदर्शित करेगा। अजय सिंह ने मप्र में सत्ता परिवर्तन का दावा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जनता का जो आक्रोश अंदर ही अंदर धधक रहा है वह इस चुनाव में भाजपा सरकार को बदलने की इबारत लिखने जा रहा है। आज सीधी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में अजयसिंह ने यह बात कही।

एआईसीसी की कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, सीधी से कांग्रेस प्रत्याशी ज्ञानसिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी सम्मेलन में मौजूद थे। अजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटकर सरकार बनाने वाली भाजपा ने प्रदेश की जो दुर्दशा की है उसकी वजह से हर वर्ग त्राहि त्राहि कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने किसानों के दो लाख तक कर्जे माफ किये थे लेकिन भाजपा सरकार अब उनसे ब्याज सहित वसूल रही है। कर्ज न चुकाने की स्थिति में किसानों को जेल में ठूंस रही है।

अजय सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा की हम सब संकल्प लें कि हम एकजुट होकर जनविरोधी भाजपा सरकार के कुशासन से आम जनता को मुक्ति दिलाएंगे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपनी अंतिम सांसे गिन रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि भाजपा द्वारा जनता को गुमराह करने की जो कोशिश की जा रही है उसको जनता के बीच में बेनकाब करें।

पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि सीधी जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं का जो जोश देखने को मिल रहा है उससे ऐसा लग रहा कि जिले की सभी सीटें कांग्रेस की झोली में होंगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आव्हान किया कि संघर्ष के इस दौर में आपकी मेहनत और तपस्या ने कांग्रेस को जो मजबूती दी है, वह तपस्या जरुर रंग लायेगी। इस दौरान पूर्व सीएमओ शैलेंद्र सिंह चौहान, जनपद सदस्य मनोज कोल, पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह, नगर पालिका पार्षद हलके सोनी सहित विधानसभा क्षेत्र सीधी के सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Created On :   5 Nov 2023 3:54 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story