- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल में फायर सेफ्टी नियमों की...
MP News: भोपाल में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर बड़ी कार्रवाई, दो कोचिंग संस्थान सील

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुए आग हादसे के बाद मध्य प्रदेश में फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। राजधानी भोपाल में नगर निगम और फायर विभाग लगातार संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों की जांच कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत गुरुवार को एमपी नगर स्थित दो कोचिंग संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने पर दुर्रानी अकादमी और अनअकैडमी सेंटर को सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, इन संस्थानों को पहले ही नोटिस जारी कर फायर सेफ्टी उपकरणों को दुरुस्त करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, तय समय के बावजूद आवश्यक सुधार नहीं किए गए।
इसके बाद तहसीलदार दीपक द्विवेदी, नगर निगम से जोनल अधिकारी शैलेंद्र चौहान और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर दोनों कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक फायर सेफ्टी से जुड़े सभी उपकरण निर्धारित मानकों के अनुसार स्थापित और चालू नहीं किए जाते, तब तक इन संस्थानों का संचालन शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कार्रवाई के दौरान फायर विभाग के डिप्टी कमिश्नर, नगर निगम के अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि राजधानी में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य संस्थानों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
Created On :   2 July 2026 6:01 PM IST











