Fact Check: क्या आग से बचाने के लिए बच्ची को खिड़की से बाहर लटकाती महिला का ये वीडियो लखनऊ का है, जानें सच

क्या आग से बचाने के लिए बच्ची को खिड़की से बाहर लटकाती महिला का ये वीडियो लखनऊ का है, जानें सच

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। लखनऊ के अलीगंज के एक कोचिंग संस्थान में बीते दिनों भीषण आग लग गई थी। इस घटना में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला किसी इमारत की खिड़की से एक छोटे बच्चे को लटकाती हुई दिखाई दे रही है। काले धुएं से भरे इस कमरे की खिड़की पर मौजूद यह महिला बेसुध सी दिखाई दे रही है। कई लोग इस वीडियो को अलीगंज की घटना का बताकर शेयर कर रहे हैं।

एक फेसबुक यूजर ने लिखा, 'निःशब्द. आज की घटना जिसमें ये माँ की ममता की ताकत ऐसी होती है कि मौत सामने हो तब भी वह अपने बच्चे की जान बचाने के लिए हर हद पार कर जाती है।'

पड़ताल

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके बारे में पड़ताल की। सबसे पहले हमने अपनी रिसर्च में पाया कि जो बिल्डिंग वायरल वीडियो में दिख रही है वो अलीगढ़ की उस बिल्डिंग से बिल्कुल अलग है, जिसमें आग लगी थी। वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें एक न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट मिली। "Nydailynews" नाम की इस वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी का है। शहर के Pelham Parkway Houses में साल 2010 में आग लगी थी। वायरल वीडियो बिल्डिंग के पांचवे फ्लोर का है। घर में धुआं भर जाने के चलते 18 साल की वेनेसा स्कॉट ने अपनी 7 महीने की कजिन को खिड़की से बाहर लटका दिया था, ताकि वह सांस ले सके। बाद में रेस्क्यू टीम ने अपार्टमेंट में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इस घटना में किसी की मौत नहीं हुई थी, 10 लोग घायल हुए थे।

आज तक ने भी वीडियो का फैक्ट चेक किया था, जिसमें उसे लखनऊ का नहीं बल्कि अमेरिका के न्यूयॉर्क का बताया था।

इस तरह हमनें अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो पुराना है, जिसे लखनऊ के अलीगढ़ में हुई घटना का बताकर शेयर किया जा रहा है।

Created On :   25 Jun 2026 8:28 PM IST

Next Story