MP News: नर्मदा उद्गम मंदिर को मिलेगा मूल पौराणिक स्वरूप, बनाया वर्क प्लान, हटेगा अतिक्रमण

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट अमरकंटक की बैठक में नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना, प्राचीन मंदिरों और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण, उद्गम कुंड के जल की शुद्धता, जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था और मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश नर्मदा उद्गम स्थल के लिए वर्क प्लान तैयार किया गया। वर्क प्लान के अनुसार प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का दस्तावेजीकरण भी किया जाएगा। इनका संरक्षण और संवर्धन पर भी जोर है। मंदिर परिसर और माई की बगिया को भी उनके मूल स्वरूप के अनुरूप विकसित करने की योजना है। मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वारों को पारंपरिक पौराणिक स्थापत्य के अनुरूप भव्य एवं आकर्षक बनाया जाएगा। इन द्वारों पर काऊ कैचर भी लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़े -भोपाल में एक और थाना प्रभारी निलंबित, चुनाभट्टी TI धर्मेंद्र मौर्य पर गिरी गाज; जनसंवाद में गैरमौजूदगी बनी वजह
जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था और जल की शुद्धता सुनिश्चित होगी
नर्मदा उद्गम कुंड एवं स्नान क्षेत्र के जल की शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से प्रतिमाह जल के नमूनों की जांच कराई जाएगी। मंदिर परिसर से निकलने वाले जल और पूजन सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जाएगा। परिसर में जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था लागू करने, प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी है।
यह भी पढ़े -भय बीते समय की बात, नक्सल प्रभावित रहे गांवों में अब आकार ले रहीं विश्वास और विकास की नई संभावनाएं
अतिक्रमण हटेगा, नो कंस्ट्रक्शन जोन का होगा पालन
मंदिर एवं उद्गम क्षेत्र के आसपास अनधिकृत अतिक्रमण और सीमेंट-कंक्रीट से निर्मित संरचनाओं को चिन्हित कर अलग-अलग चरणों में हटाया जाएगा। मंदिर परिसर के आसपास नो कंस्ट्रक्शन जोन, धार्मिक मर्यादाओं और प्रतिबंधित गतिविधियों से संबंधित नियम कठोरता से लागू किए जाएंगे। साथ ही यातायात और आवागमन व्यवस्था सुव्यवस्थित करने व अमरकंटक सीवरेज योजना के लिए भी जरुरी कार्रवाई होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोटि तीर्थ घाट के दोनों ओर शेड बनेंगे। माई की बगिया स्थित पूजा स्थल के मंडप शेड के चारों ओर ग्रिल लगाई जाएगी। मुख्य मंदिर की यज्ञशाला और माई की बगिया के धूना शेड की मरम्मत होगी। बगिया में रसोई शेड और पानी की टंकी बनाई जाएगी।
Created On :  

