Bhopal News: भोपाल की मिट्टी में बसी है हॉकी, देश को दिए कई ओलिंपियन, जानें क्यों कहा जाता है 'हॉकी की नर्सरी'

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होने जा रहा है। भोपाल पहली बार इस मेगा इवेंट की मेजबानी कर रहा है। टूर्नामेंट का आगाज 19 नवंबर से हो रहा है जो कि 28 नवंबर तक खेला जाएगा।
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत के साथ चीन, जापान, साउथ कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी।
'हॉकी की नर्सरी' भोपाल
इस हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन होना भोपाल के लिए बहुत खास है क्योंकि इस शहर को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है। नर्सरी इसलिए, क्योंकि भोपाल ने देश को नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के कई बेहतरीन हॉकी प्लेयर दिए हैं। इनमें इनाम उर रहमान, असलम शेर खान, सैयद जलालुद्दीन रिजवी, लतिफ उर रहमान, और समीर दाद जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। एक समय ऐसा भी था जब भोपाल के 5 हॉकी खिलाड़ियों ने एक साथ भारतीय टीम में खेला है।
हॉकी का गढ़ माने जाने वाले भोपाल से अहमद शेर खान, एहसान मोहम्मद, लतिफ उर रहमान, अख्तर हुसैन, इनामुर रहमान, असलम शेर खान, जलालुद्दीन रिजवी और समीर दाद ऐसे खिलाड़ी रहे हैं, जिन्होने भारतीय टीम के लिए ओलिंपिक खेला है।
हॉकी की नर्सरी कहने के कारण
भोपाल में जब नवाबों का शासन था, उसी दौरान से हॉकी को काफी बढ़ावा दिया जाता रहा है। उस समय हॉकी की लोकप्रियता इतनी थी कि शहर में 65 से ज्यादा हॉकी क्लब हुआ करते थे। हर गली-मोहल्ले में हॉकी खेली जाती थी।
1930-40 के दशक में भोपाल की हॉकी क्लब टीम 'भोपाल वांडर्स' का पूरे देश में दबदबा था। इस टीम ने देश के कई बड़े टूर्नामेंट अपने नाम किए थे। टीम का शानदार प्रदर्शन देख अंग्रेज इसे 'ब्लैक हॉर्स' कहकर बुलाते थे।
भोपाल में हॉकी का कितना बोलबाला था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां के ऐशबाग स्टेडियम की गिनती देश के बेहतरीन हॉकी स्टेडियम में होती थी। यहां कई अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं। इसी स्टेडियम से कई स्थानीय प्रतिभाएं निकलीं, जिन्होंने नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर नाम कमाया।
भारत में इस समय 3 हॉकी स्टेडियम हैं। इनमें ऐशबाग स्टेडियम सबसे पुराना और ऐतिहासिक है। इसके अलावा लिंक रोड-1 स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम है। वहीं एक नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में है।
Created On :  
