MP News: मध्यप्रदेश में ठंड की दस्तक, भोपाल-इंदौर पचमढ़ी से भी ठंडे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में दिवाली के बाद एक बार फिर ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर अब मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में कई जगह रात का तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
यह भी पढ़े -दिवाली की खुशियों पर प्रदूषण का वार! दिल्ली-NCR में सांस लेना हुआ मुश्किल, जानें कहां कितना AQI?
पचमढ़ी से भी ठंडा भोपाल और इंदौर
मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, कटनी जिले के करौंदी में प्रदेश का सबसे कम 10.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं इंदौर में 11.6 डिग्री और भोपाल में 12 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस तरह इंदौर और भोपाल में पचमढ़ी से भी कम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़े -बड़ी उम्मीदें, ठंडा कारोबार! बॉक्स ऑफिस पर पस्त रहा अक्टूबर, दो फिल्मों के भरोसे बची महीने की लाज
15 नवंबर के बाद प्रदेश में बढ़ सकती है ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 15 नवंबर के बाद प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान में गिरावट लाएंगी। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है।
दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है। मौसम में हो रहे इन बदलावों के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है।
Created On :  
