MP News: भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर राजनीति तेज, कांग्रेस ने साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने किसानों की मेहनत और दिनचर्या को लेकर ऐसी टिप्पणी की है, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल, सांसद जनार्दन मिश्रा मऊगंज जिले की रकरी ग्राम पंचायत स्थित कमल गौशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने किसानों को लेकर कहा कि आज के किसान साल में सिर्फ तीन महीने मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलते हैं और राजश्री, बोतल, चोंगी जैसी चीजों में समय बिताते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सांसद के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बयान सामने आने के बाद किसानों की मेहनत और उनकी दिनचर्या को लेकर बहस शुरू हो गई है। खेती-किसानी केवल तीन महीने का काम नहीं है। खेत तैयार करने, बुवाई, सिंचाई, खाद डालने, फसल की देखरेख और कटाई तक किसान को लगातार मेहनत करनी पड़ती है।
कांग्रेस ने जताई नाराजगी
सांसद के बयान पर किसान संगठनों और कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने इसे देश के अन्नदाताओं का अपमान बताते हुए सांसद से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, किसान संगठनों ने भी विरोध तेज करने की चेतावनी दी है ।
फिलहाल सांसद का यह बयान राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। और भाजपा की तरफ से कोई आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है।
Created On :  



