MP News: TET के विरोध में उतरे शिक्षक, 1.5 लाख में से सिर्फ 34,500 ने भरा फॉर्म; अब नौकरी पर कितना खतरा?

TET के विरोध में उतरे शिक्षक, 1.5 लाख में से सिर्फ 34,500 ने भरा फॉर्म; अब नौकरी पर कितना खतरा?
मध्यप्रदेश में शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET का जमकर विरोध किया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET का जमकर विरोध किया। शिक्षक संगठनों ने इस परीक्षा पर सवाल उठाए, विरोध जताया और इसे टालने की मांग भी की। लेकिन विरोध के बावजूद परीक्षा टल नहीं सकी और अब 20 दिसंबर को TET आयोजित की जाएगी।

यानी प्रदेश के करीब डेढ़ लाख सरकारी शिक्षकों के सामने अब इस परीक्षा का सवाल खड़ा है। लेकिन इस पूरी खबर में एक दिलचस्प बात ये है कि प्रदेश में करीब डेढ़ लाख सरकारी शिक्षक हैं, जबकि TET के लिए आवेदन सिर्फ 34 हजार 500 शिक्षकों ने ही किया है। यानी बड़ी संख्या में शिक्षकों ने तो फॉर्म तक नहीं भरा।

अब सवाल है कि जिन शिक्षकों ने इस बार फॉर्म नहीं भरा, क्या उनकी नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है? और जो शिक्षक परीक्षा में पास नहीं हो पाए, उनका क्या होगा? क्या उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ सकती है? चलिए, एक-एक करके समझते हैं।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, जिन शिक्षकों की नियुक्ति RTE एक्ट लागू होने से पहले हुई थी और जिनकी रिटायरमेंट में पांच साल से ज्यादा का समय बचा है, उन्हें TET पास करना जरूरी है। ऐसे शिक्षकों को अब 31 अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है।

इसका मतलब ये है कि 20 दिसंबर की परीक्षा का फॉर्म नहीं भरने से किसी शिक्षक की नौकरी तुरंत नहीं जाएगी। लेकिन तय समयसीमा के भीतर TET पास करना जरूरी होगा।

वहीं, अगर कोई पात्र शिक्षक तय समयसीमा तक TET पास नहीं कर पाता है, तो उसे नौकरी छोड़नी पड़ सकती है या अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जा सकती है। हालांकि, जिन शिक्षकों की रिटायरमेंट में 1 सितंबर 2025 को पांच साल से कम समय बचा था, उन्हें रिटायरमेंट तक नौकरी जारी रखने की छूट दी गई है, लेकिन TET पास किए बिना उन्हें प्रमोशन नहीं मिलेगा।

सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को यह भी कहा है कि शिक्षकों को परीक्षा देने के पर्याप्त मौके मिलें, इसलिए TET समय-समय पर आयोजित की जानी चाहिए।

यानी फिलहाल शिक्षकों के पास परीक्षा पास करने के लिए अगस्त 2028 तक का वक्त है। लेकिन सवाल अब भी यही है कि विरोध के बीच 20 दिसंबर को कितने शिक्षक परीक्षा देंगे और क्या सरकार शिक्षकों की मांगों को लेकर कोई नया फैसला लेगी?

Created On :  

Tags

Next Story