- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मृतक कर्मचारी को 10 महीने तक दिया...
MP News: मृतक कर्मचारी को 10 महीने तक दिया वेतन, राजगढ़ सीएमएचओ डॉ शोभा निलंबित

डिजिटल डेस्क, भोपाल। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संचालनालय मप्र ने गुरुवार को राजगढ़ की प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ शोभा पटेल को निलंबित कर दिया है। डॉ शोभा को मृतक सुमित्रा बाई स्वीपर को 10 महीने तक वेतन देने का आरोप है। इसी आरोप में उन्हें सस्पेंड किया गया है। निलंबन आदेश में कहा गया है कि मृतक कर्मचारी के नाम पर जनवरी 2025 से लेकर अक्टूबर 2025 तक नियमित वेतन भुगतान किया गया। सीएमएचओ डॉ शोभा पटेल के अधीन पदस्थ रहीं सुमित्रा बाई की मौत 18 जनवरी 2025 को हो गई थी, जिसके बाद भी मृत कर्मचारी के नाम पर लगातार 14844 रुपए हर महीने भुगतान किया गया।
मृतक कर्मचारी के नाम पर भुगतान की मिली शिकायत के आधार पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई थी। जांच में सामने आया कि स्वीपर सुमित्रा बाई की मौत की सूचना मेडिकल ऑफिसर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ढ़ाबला नरसिंहगढ़ जिला राजगढ़ ने 28 जनवरी 2025 को पत्र के जरिए दी थी। इसके साथ ही सुमित्रा बाई के 15 जनवरी 2025 तक की उपस्थिति भी बताई थी। 16 जनवरी 2025 से सुमित्रा बाई का नाम नहीं होने के बाद भी सीएमएचओ डॉ शोभा पटेल ईएनटी विशेषज्ञ ने सुमित्रा बाई के खाते में अक्टूबर 2025 तक निरंतर वेतन भुगतान किया। विभाग ने इसे पद का दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता बताया। जिसके चलते डॉ शोभा पटेल को निलंबित कर दिया गया।
लोकायुक्त ने भी रिश्वत मामले में पकड़ा था
सीएमएचओ डॉ शोभा पटेल को लोकायुक्त ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। आवेदक की शिकायत पर 17 अप्रैल 2026 को लोकायुक्त ने डॉ पटेल को 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा था। सुविधा डायग्नोस्टिक सेंटर में नए डॉक्टर की नियुक्ति करने के लिए डॉ पटेल ने अपना अप्रूवल देने के लिए रिश्वत की मांग की थी। जिसकी शिकायत लोकायुक्त में की गई थी। जिसके बाद लोकायुक्त ने उन्हें रिश्वत लेते ट्रैप किया था। लोकायुक्त ट्रैप के बाद भी पद पर काम करने को लेकर क्षेत्रीय पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर ने पिछले सप्ताह आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस को शिकायत की थी। लोकायुक्त ने भी धनराजू एस को पत्र लिखा था कि ट्रैप की कार्रवाई के बाद भी अब तक निलंबित क्यों नहीं किया गया। इसके बाद दूसरे प्रकरण का हवाला देकर गुरुवार को डॉ शोभा को सस्पेंड कर दिया गया।
Created On :   3 Oct 2026 12:29 AM IST













