- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रानी दुर्गावती जयंती पर भोपाल में...
MP News: रानी दुर्गावती जयंती पर भोपाल में गूंजेगी बुंदेलखंड की संस्कृति, शौर्य और इतिहास की गाथा
डिजिटल डेस्क, भोपाल। बुंदेलखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, साहित्य, शौर्य और इतिहास को राजधानी भोपाल के मंच से देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आगामी 5 अक्टूबर 2026, सोमवार को भोपाल के हिंदी भवन सभागार, पॉलिटेक्निक चौराहा में ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन बुंदेलखंड की वीरांगना रानी दुर्गावती की जन्म जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। कार्यक्रम में बुंदेलखंड की समग्र संस्कृति, साहित्य, शौर्य और इतिहास को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया जाएगा।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोकगायिका कविता शर्मा बुंदेली द्वारा लोक गायन की प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि दीपेश पांडेय ग्रुप द्वारा बुंदेली लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति प्रस्तुत की जाएगी। कार्यक्रम की संकल्पना एवं संयोजन कवि सुमित ओरछा द्वारा किया जा रहा है, जो राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय मंत्री हैं।
‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ कार्यक्रम के माध्यम से बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, यहां की वीर परंपरा, ऐतिहासिक गौरव और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में बुंदेलखंड की माटी से जुड़ी लोककलाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, बुंदेलखंड केवल अपने ऐतिहासिक दुर्गों, राजाओं और वीर योद्धाओं के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी लोकभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए भी विशिष्ट पहचान रखता है। ऐसे में ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ इसी समृद्ध विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने की सांस्कृतिक पहल है।
कार्यक्रम का आयोजन 5 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से हिंदी भवन सभागार, पॉलिटेक्निक चौराहा, भोपाल (मध्य प्रदेश) में होगा।
कार्यक्रम की प्रमुख जानकारी
कार्यक्रम: ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’
अवसर: वीरांगना रानी दुर्गावती की जन्म जयंती
दिनांक: 5 अक्टूबर 2026, सोमवार
समय: शाम 6 बजे
स्थान: हिंदी भवन सभागार, पॉलिटेक्निक चौराहा, भोपाल
लोक गायन: कविता शर्मा बुंदेली, सुप्रसिद्ध लोकगायिका
लोक नृत्य: दीपेश पांडेय ग्रुप
संकल्पना एवं संयोजन: कवि सुमित ओरछा, राष्ट्रीय मंत्री, राष्ट्रीय कवि संगम 9425008620
Created On :   2 Oct 2026 6:44 PM IST













