MP News: आज भोपाल आएंगे अमित शाह, डेयरी और सहकारिता पर बड़ा फोकस, गोपालकों और डेयरी प्लांट को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें

आज  भोपाल आएंगे अमित शाह, डेयरी और सहकारिता पर बड़ा फोकस, गोपालकों और डेयरी प्लांट को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज देर रात भोपाल पहुंचेंगे,3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे, उज्जैन को मिलेगा आधुनिक डेयरी प्लांट, डेयरी कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज भोपाल दौरे पर है। शाह का दौरा बालाघाट में राहुल गांधी के दौरे के ठीक एक दिन बाद होने से राजनीतिक चर्चा में है। शाह करीब 23 घंटे भोपाल में बिताएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। जिसमें 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य जुटेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार की ओर से कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किए गए कामों और बलराम कृषि महोत्सव की गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण होगा। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग भी अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे।

शाह भेल मैदान में पुलिस मुख्यालय की ओर से लगाए गए नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। इसके बाद भौंरी में IISER के अत्रि परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है।

उज्जैन के आसपास के क्षेत्रों में डेयरी कारोबार को बढ़ावा देने के लिए 255 करोड़ रुपये की लागत से मॉडर्न डेयरी प्लांट बनाया जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री आज भोपाल से इस प्लांट का डिजिटल भूमिपूजन करेंगे। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ की ओर से बनाए जा रहे इस प्लांट से दूध के प्रसंस्करण और उससे बनने वाले उत्पादों की क्षमता बढ़ेगी। परियोजना की कुल लागत में से 170 करोड़ रुपये स्टेट सरकार ग्रांट के रूप में देगी, जबकि 85 करोड़ रुपये दुग्ध संघ कर्ज के जरिए जुटाएगा। प्लांट को अगले दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है।

उज्जैन के प्रस्तावित प्लांट में शुरुआत में रोज 3 लाख लीटर मिल्क प्रोसेसिंग की क्षमता होगी। भविष्य में इसे बढ़ाकर पांच लाख लीटर प्रतिदिन करने का टारगेट है। उज्जैन और आसपास के इलाकों में बढ़ रहे दूध उत्पादन को स्थानीय स्तर पर प्रोसेस करने में मदद मिलेगी। प्लांट में दूध, दही, छाछ और घी जैसे कई तरह के डेयरी प्रोडक्ट तैयार किए जाएंगे। यहां रोजाना 1.50 लाख लीटर पैक्ड मिल्क, 25 हजार लीटर दही और 10 हजार लीटर लस्सी-छाछ बनाने की क्षमता होगी। इसके साथ ही रोज 10 मीट्रिक टन घी बनाने का प्लांट भी लगाया जाएगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का दौरा मुख्य रूप से डेयरी, सहकारिता, पशुपालन, पुलिस और उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा। आज दिन दिनभर अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद गृहमंत्री शाह रात करीब आठ बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

सम्मेलन में पशुपालकों को बोनस राशि और गौशालाओं के लिए सहायता दी जाएगी। गोपालक दीदियों का सम्मान होगा और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी बांटे जाएंगे। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस तथा गौशालाओं के लिए सहायता देने के कार्यक्रम भी होंगे। शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ भी करेंगे। 16.80 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्लांट में केंद्र सरकार का 6 करोड़ रुपये का अनुदान और भोपाल सहकारी दुग्ध संघ का 10.80 करोड़ रुपये का अंशदान है। प्लांट में रोज 40 हजार लीटर मिल्क प्रोसेसिंग की क्षमता है।

Created On :   2 Oct 2026 9:30 AM IST

Tags

Next Story