- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा,...
एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, 'प्रदेश में बनेंगे सेमीकंडक्टर एक्सीलेंस सेंटर'

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में सोमवार को एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 जीसीसी, डाटा सेंटर और सेमी कंडक्टर की शुरुआत हुई। इसमें लगभग 51 प्रमुख गतिविधियां हुई। लगभग 40 हजार करोड़ का निवेश के प्रस्ताव मिले। इससे लगभग 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे। पिछले 2 टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश को 46 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के बाद से टेक्नोलॉजी क्षेत्र में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश मैदानी क्षेत्र में काम पर आ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा कि की प्रदेश में सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी, जो कौशल विकास, अनुसंधान, उद्योग सहयोग एवं क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित करेगा। भोपाल आईटी पार्क में नया आईटी टॉवर विकसित किया जाएगा, जिससे जीसीसी, आईटी एवं डिजिटल सेवा कंपनियों के लिए अतिरिक्त प्लग-एंड-प्ले कार्यालय उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रदेश में एवीजीसी-एक्सआर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी, जिससे एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स एवं एक्सटेंडेड रियलिटी क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा। भारत सरकार के सहयोग से मंथन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा ग्लोबल स्किल्स पार्क में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे, जो नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग को नई गति दी जाएगी। भोपाल के कोलार क्षेत्र में प्लग-एंड-प्ले अवसंरचना युक्त नया आईटी पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे तकनीकी कंपनियों को शीघ्र संचालन प्रारंभ करने की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इंदौर के सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में 3 एकड़ में अत्याधुनिक आईटी पार्क बनाया जाएगा। लगभग 3 लाख वर्ग फीट निर्मित क्षेत्र वाले इस परिसर में जीसीसी, आईटी एवं डिजिटल सेवा कंपनियों के लिए विश्वस्तरीय कार्यालय उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का एआई, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर सहित सभी छोटे एवं बड़े उद्योगों के विकास पर फोकस है। प्रदेश साइंस सिटी, एआई, डीप टेक पार्क और डेटा सेंटर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार एआई सहित सभी क्षेत्रों में नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में स्पेन, कनाडा, अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, जापान, दक्षिण कोरिया, आयरलैंड और इंडो-जर्मन सहयोग सहित 8 देशों की 10 प्रमुख कंपनियों की 28 हजार 200 करोड़ से अधिक की निवेश परियोजनाएं ग्राउंडब्रेकिंग चरण में हैं। इनमें स्पेन की सबमर इंडिया प्रालि ने भोपाल में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये (यूएसडी 2 बिलियन डॉलर) के एआई-रेडी डेटा सेंटर की स्थापना, कनाडा की मैक्केन फूड की 3,800 करोड़ रुपये की फूड प्रोसेसिंग इकाई, यूनाइटेड किंगडम की हेलियन (जीएसके) की 3 हजार करोड़ रुपये की फार्मास्यूटिकल्स परियोजना, जापान की टोपान स्पेशियलिटी फिल्म्स की 1,100 करोड़ रुपये की स्पेशियलिटी फिल्म्स इकाई शामिल है।
सबमर ग्रुप प्रदेश में 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 19,000 करोड़ रुपये) के निवेश से एआई-रेडी डेटा सेंटर बनाएगा। सबमर इंडिया के सीईओ पैट्रिक स्मेल्ट्स ने कॉन्क्लेव में कहा कि पिछले साल (जुलाई 2025) में स्पेन के बार्सिलोना में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ हुई चर्चाओं और निवेश समझौतों के परिणामस्वरूप मप्र में एआई, डेटा सेंटर और आईटी क्षेत्र में निवेश निरंतर बढ़ रहा है।
यह भी पढ़े -मध्य प्रदेश सीधी में हनुमान की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
गूगल प्ले के साथ एमओयू, 8 कंपनियों को भूमि आवंटन आशय-पत्र
कॉनक्लेव में 8 कंपनियों को भूमि आवंटन के आशय-पत्र दिए गए। आश्य पत्र वाली परियोजनाओं में 203.58 करोड़ का निवेश होगा। 1242 रोजगार मिलेगा। इन आवंटनों से इंदौर के सिंहासा आईटी पार्क और भोपाल के बड़वई आईटी पार्क में आईटी, आईटीईएस, ईएसडीएम, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, आईटी अवसंरचना और स्टार्ट-अप इको सिस्टम को सुदृढ़ आधार मिलेगा और प्रदेश में तकनीकी निवेश एवं औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। कॉन्क्लेव में गूगल प्ले के साथ एआई और डिजिटल क्षमता विकास के क्षेत्र में सहयोग को लेकर एमओयू किया गया।
Created On :   15 July 2026 1:44 AM IST












