Agro Industry Conclave-2025: 'कृषि विकास से ही आएगी देश में समृद्धि...मप्र की तरह हर राज्य में हों कृषि उद्योग समागम', नरसिंहपुर के कृषि समागम में बोले उपराष्ट्रपति धनखड़

कृषि विकास से ही आएगी देश में समृद्धि...मप्र की तरह हर राज्य में हों कृषि उद्योग समागम, नरसिंहपुर के कृषि समागम में बोले उपराष्ट्रपति धनखड़
  • उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कृषि उद्योग समागम-2025 का किया उद्घाटन
  • सीएम डॉ. मोहन यादव और राज्यपाल मंगूभाई पटेल रहे मौजूद
  • 116 करोड़ रूपए के 86 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया

डिजिटल डेस्क, नरसिंहपुर। खेती-किसानी देश की अर्थव्यवस्था की नींव और यह हमारी प्रगति का मूल आधार है। कृषि के क्षेत्र में विकास और नित नए नवाचार जरूरी हैं, इससे ही देश में समृद्धि आएगी। यह बात उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को यहां कृषि उद्योग समागम-2025 का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए। उपराष्ट्रपति ने इस आयोजन के लिए के लिये कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस पहल का अन्य राज्यों को भी अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा भी 29 मई से 12 जून तक नई दिल्ली में कृषि आधारित एक वृहद आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री धनखड़ ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ 116 करोड़ रूपए से अधिक की लागत के 86 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। साथ ही जैविक खेती के प्रोत्साहन और नवाचारी किसानों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया। साथ ही केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किसानों को दी जा रही सहूलियतों का भी उल्लेख किया।

उपराष्ट्रपति धनखड़ के संबोधन की अन्य प्रमुख बातें ..

  • देश में विकसित भारत के लिए महायज्ञ चल रहा है इसमें सबसे बड़ी आहूति किसान भाइयों की ही है। किसान केवल फसल उत्पादन तक सीमित न रहें। उन्हें खाद्य प्र-संस्करण, व्यापार और मार्केटिंग भी सीखनी चाहिए।
  • अन्नदाता को उद्यमी बनाने के लिए स्थानीय सांसद और विधायक गांवों को गोद लें, किसानों को समृद्ध बनाएं, जिससे खेती में नई तकनीक का इस्तेमाल हो और हर गांव में समृद्धि आए।
  • भारत ने दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर नया इतिहास रचा है। हमने जापान को पीछे छोड़ा है और बहुत जल्द जर्मनी को पीछे छोडक़र हम तीसरे स्थान पर पहुंचेंगे।
  • मप्र को दूध, फल और सब्जियों में देश का नेतृत्व करना चाहिए। यहां नारी शक्ति को जिला पंचायतों की कमान मिलना भी लोकतंत्र की शक्ति को दर्शाता है।

ऑपरेशन सिंदूर का लोहा दुनिया ने माना - उपराष्ट्रपति

समागम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्रकरते हुए उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले का जवाब ऑपरेशन सिंदूर से दिया है। इसका लोहा दुनिया ने भी माना है। भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा। पूरा देश राष्ट्र प्रेम की भावना से ओत-प्रोत है और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है इस दौरान श्री धनखड़ की पत्नी सुदेश सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण प्रहलाद सिंह पटेल, राव उदय प्रताप सिंह, नारायण कुशवाह, गोविंद सिंह राजपूत, ऐंदल सिंह कंषाना और राज्यसभा सांसद माया नरोलिया भी मौजूद रहे।

नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और मंडला में बन रहे फूड पार्क : यादव

समागम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि आधारित उद्योग बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। फूड प्रोसेसिंग में प्रगति के लिए नरसिंहपुर में 102 हेक्टेयर में कृषि आधारित उद्योगों का फूड पार्क बनाया जा रहा है। छिंदवाड़ा के बोरगांव और मंडला के मनेरी में 40 इकाइयों वाला फूड पार्क स्थापित होगा। प्रदेश में शीघ्र ही 1300 करोड़ के कृषि उद्योग आकार लेंगे। राज्य सरकार नई तकनीक और नवाचारों के माध्यम से किसानों का जीवन बेहतर कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश का तीसरा कृषि मेला जुलाई महीने में सतना और चौथा चंबल के मुरैना में होगा। सीहोर में 12 से 14 अक्टूबर तक राज्यस्तरीय कृषि मेला आयोजित किया जाएगा।

महाकोशल के सबसे बड़े कृषि समागम में 1366 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए

नरसिंहपुर में शनिवार को हुए महाकोशल के सबसे बड़े कृषि समागम में 1366 करेड़ रुपए के 7 निवेश प्रस्ताव सरकार को प्राप्त हुए। ये निवेश आने के बाद करीब 1900 से ज्यादा लोगों को रोजगार प्राप्त हो सकेगा।सबसे ज्यादा 6 निवेश प्रस्ताव नरसिंहपुर जिले के लिए प्राप्त हुए। इनमें कृषि व खाद्य उत्पाद के क्षेत्र में दो निवेशकों द्वारा 700 करोड़, ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा में 164 करोड़, शिक्षा में 100 करोड़ तथा प्लास्टिक उत्पाद में 2.5 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। सिवनी जिले से मात्र एक कृषि व खाद्य उत्पाद के क्षेत्र में 400 करोड़ का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।

इस अवसर पर नर्मदापुरम् तथा महाकोशल के विभिन्नजिलों सहित बाहर राज्यों से आए निवेशकों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश की खुशबू देशभर में फैल रही है। प्रदेश में विकास का क्रम जारी है। इस विकास यात्रा में सभी राज्यों के उद्योगपतियों का स्वागत है। जहां जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, अधिकारी साथ में मिलकर प्रदेश के औद्योगिक विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 15 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों को आवंटन आदेश और आशय पत्र वितरित किये। इनसे 2381.96 करोड़ रुपए के निवेश का रास्ता साफ हुआ है। इन 15 इकाइयों में करीब 2650 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। जिन इकाइयों को आवंटन एवं आशयपत्र दिए गए उनमें सर्वाधिक मंडला जिले की 5, सिवनी जिल़े की 3, नर्मदापुरम व सीहोर जिले की 3, बालाघाट जिले की 2 तथा जबलपुर, कटनी व छिंदवाड़ा जिले की एक-एक इकाई शामिल है।

Created On :   27 May 2025 12:47 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story