- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- आजमी बोले - इस देश में मुसलमानों के...
Mumbai News: आजमी बोले - इस देश में मुसलमानों के लिए रहने का अधिकार नहीं बचा है, चड्डी-बनियान गैंग को लेकर भी हंगामा

- मुख्यमंत्री के लिए मुझे सहानुभूति है, क्योंकि वे चड्डी-बनियान गैंग के साथ बैठे हैं- आदित्य ठाकरे
- नाम लेकर बोलो, नहीं तो चुप रहो- नीलेश
- शौचालय की रिपोर्ट को लेकर प्रजा फाउंडेशन की होगी जांच
Mumbai News. समाजवादी पार्टी के सदस्य अबू आसिम आजमी ने कुरैशी समाज पर पुलिस द्वारा की जा रही अनैतिक कार्रवाई का मामला सोमवार को पॉइंट ऑफ इंफॉर्मेशन के जरिए विधानसभा में उठाया। आजमी ने कहा कि महाराष्ट्र में बैल और गाय के मीट के नाम पर कुरैशी समाज के लोगों का पुलिस द्वारा टॉर्चर किया जा रहा है। जिस पर रोक लगाने की जरूरत है। आजमी ने कहा कि इस समाज के लोगों के पास मीट की बिक्री का लाइसेंस है लेकिन बावजूद इसके इन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। सदन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। सदन में मुद्दा उठाने के बाद विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में आजमी ने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि इस देश में मुसलमानों के रहने का अधिकार नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि राज्य में मुसलमान को घेरने का प्रयास किया जा रहा है, जिस पर लगाम लगाने की जरूरत है।
चड्डी-बनियान गैंग को लेकर विधानसभा में हंगामा, आदित्य ठाकरे और नीलेश राणे आए आमने-सामने
महाराष्ट्र विधानसभा में मानसून सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन शिवसेना (उद्धव) विधायक आदित्य ठाकरे और शिवसेना (शिंदे) विधायक नीलेश राणे चड्डी बनियान गैंग पर आमने-सामने आ गए। आदित्य ने सदन में बोलते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी दलों के विधायक कहीं भी जाकर किसी को भी पीट रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सहानुभूति है। क्योंकि वह चड्डी बनियान गैंग के साथ बैठे हुए हैं। जिस पर नीलेश राणे ने आदित्य पर पलटवार किया।कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए आदित्य ने कहा कि सरकार में बैठे कुछ लोग कहीं भी जाकर किसे भी पीट रहे हैं। विधायक क्या कर रहे हैं, ये किसी को नहीं पता। लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आदित्य ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुझे सहानुभूति है, क्योंकि वे ‘चड्डी-बनियान गैंग’ के साथ बैठे हैं। मुख्यमंत्री ने अब तक बहुत सहनशीलता दिखाई है, लेकिन अब सरकार को दिखाना होगा कि सरकार क्या होती है। इस चड्डी-बनियान गैंग पर कार्रवाई करनी चाहिए।
नाम लेकर बोलो, नहीं तो चुप रहो- नीलेश
आदित्य ठाकरे के इस बयान पर शिंदे गुट के विधायक नीलेश राणे भड़क गए। उन्होंने आदित्य पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ‘चड्डी-बनियान’ शब्द का उपयोग किया है, तो उन्हें साफ तौर पर बताना चाहिए कि ये चड्डी कौन है और बनियान किसकी है? ये शब्द किसके लिए बोले गए हैं, ये आदित्य को स्पष्ट करना चाहिए। नीलेश ने कहा कि अगर डरते हो तो ऐसे शब्दों का इस्तेमाल मत किया करो। अगर हिम्मत है तो नाम लेकर बताओ कि किसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले एक घंटे से हम शांत बैठे हैं, लेकिन बिना किसी का नाम लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग करना सदन की गरिमा के खिलाफ है। अगर सदस्य नाम लेकर नहीं बोल सकता तो फिर इस बयान को सदन की कार्यवाही से हटाया जाना चाहिए।
शौचालय की रिपोर्ट को लेकर प्रजा फाउंडेशन की होगी जांच
मुंबई शहर में शौचालय समेत अन्य नागरी सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार करने वाली निजी संस्था प्रजा फाउंडेशन की जांच की जाएगी। विधान परिषद में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह आश्वासन दिया। सोमवार को सदन में शिवसेना (उद्धव) के सदस्य सुनील शिंदे और शिवसेना (उद्धव) के सदस्य सचिन अहिर ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए मुंबई में शौचालयों की कमी और अस्वच्छता का मुद्दा उठाया था। इसके जवाब में सामंत ने कहा कि शौचालयों को लेकर गुणात्मक फैसले लेने के लिए मुंबई मनपा आयुक्त भूषण गगरानी की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी। सामंत ने कहा कि प्रजा फाउंडेशन ने रिपोर्ट में बताया है कि मुंबई में पुरुषों के लिए केवल 752 शौचालय और महिलाओं के लिए 1820 शौचालय है। रिपोर्ट में मुंबई में शौचालय की हालत को भयानक बताया गया है। जबकि मुंबई मनपा के आंकड़ों के अनुसार शहर में 10 हजार 684 सार्वजनिक शौचालय हैं। जिसमें 1 लाख 59 हजार 36 शौचालय सीट है। इसलिए प्रजा फाउंडेशन ने खुद रिपोर्ट तैयार किया है अथवा मुंबई मनपा के चुनाव को देखते किसी के कहने पर ऐसा रिपोर्ट तैयार किया है। इसके पीछे प्रजा फाउंडेशन का उद्देश्य क्या है ? इसकी जांच की जाएगी। क्योंकि मुंबई के सभी विधायकों और मुंबई मनपा के पूर्व नगरसेवकों पर सवाल उठ रहे हैं। सामंत ने कहा कि मुंबई मनपा ने 14 हजार 166 सार्वजनिक शौचालय सीट मंजूर किया है। जिसमें से 11 हजार 166 शौचालय सीट लगाने के लिए 10 करोड़ 80 लाख रुपए निधि वितरित कर दी गई है। वहीं व्यक्तिगत शौचालय के लिए 4 हजार 672 सीट के प्रारूप को मंजूर किया है। जिसमें 1 हजार 333 व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए 33 लाख रुपए वितरित कर दिया गया है। सामंत ने कहा कि सभी शौचालय में पानी और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुंबई मनपा को निर्देश दिए जाएंगे। सामंत ने कहा कि मुंबई मनपा को सार्वजनिक शौचालयों की जांच की जाएगी। दरेकर ने कहा कि मुंबई मनपा ने 500 मूत्रालय मंजूर किया है। पश्चिम एक्सप्रेस हाईवे पर बोरिवली और दहिसर के आसपास भी मूत्रालय बनाया जाएगा। सामंत ने कहा कि निजी प्रतिष्ठानों के शौचालयों को मुंबई मनपा के एप में शामिल किया जाएगा।
धंधा करता है प्रजा फाउंडेशन
सदन में भाजपा सदस्य प्रवीण दरेकर ने प्रजा फाउंडेशन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रजा फाउंडेशन शुद्ध रूप से केवल धंधा करता है। मुंबई में जिस विधायक और नगरसेवक को एक नंबर चाहिए। उसको अपने रिपोर्ट में प्रथम स्थान में देता है। दरेकर ने कहा कि प्रजा फाउंडेशन के पास कौन सा तंत्र है जो छह महीने रिपोर्ट तैयार कर लेता है ?
Created On :   14 July 2025 10:15 PM IST