- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र फूड फेस्टिवल का आयोजन,...
New Delhi News: महाराष्ट्र फूड फेस्टिवल का आयोजन, राष्ट्रीय राजधानी में सजने जा रही मराठी भोजन की थाली

- 12 से 14 दिसंबर तक होगा महाराष्ट्र फूड फेस्टिवल का आयोजन
- मशहूर शेफ विष्णु मनोहर करेंगे उद्घाटन
New Delhi News. महाराष्ट्र के स्वादिष्ट भोजन और पकवान का जायका लेने के लिए दिल्लीवासियों को मुंबई या राज्य के किसी और शहर का रुख करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में ही मराठी भोजन की थाली सजने जा रही है। यहां महाराष्ट्र सदन में 12 से 14 दिसंबर तक महाराष्ट्र फूड फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। महाराष्ट्र सदन की रेजिडेंट कमिश्नर और सेक्रेटरी आर विमला ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कस्तूरबा गांधी मार्ग पर महाराष्ट्र सदन में आयोजित इस फेस्टिवल में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रीय फ़ूड कल्चर और कलाओं का संगम देखने को मिलेगा। इस दौरान दिल्लीवासी कई तरह के स्वादिष्ट पकवानों का जायके का लुत्फ ले सकेंगे।
मशहूर शेफ विष्णु मनोहर करेंगे उद्घाटन
इस फूड फेस्टिवल का उद्घाटन महाराष्ट्र के जाने-माने इंटरनेशनल शेफ विष्णु मनोहर करेंगे। फूड फेस्टिवल में महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों के पकवान परोसे जाएंगे। नागपुर इलाके से सावजी चिकन या मटन रस्सा, तर्री पोहा और संतरे से बनी मिठाइयां, पुणे इलाके से मिसल पाव, वड़ा पाव और पूरन पोली, जलगांव से शेव भाजी, भरिता (बैंगन से भरा हुआ) और केले से बनी डिश, मालवण से मालवानी सीफूड, चिकन वड़े और सोल कढ़ी, औरंगाबाद से नान कालिया, दालिम्बी उसल और लोकल बिरयानी, और कोल्हापुरी नॉन-वेज में तांबा रस्सा, पांढरा रस्सा और कोल्हापुरी चिकन व मटन शामिल होंगे। इसके साथ ही सतारा, कोल्हापुर, जलगांव, पुणे, अमरावती और रायगढ़ जिलों की जिला परिषदों के तहत महिला सेल्फ-हेल्प ग्रुप इस फूड फेस्टिवल में हिस्सा लेंगी और उनके द्वारा बनाए गए स्वादिष्ट पकवान भी चखने के लिए उपलब्ध होंगे। यह फेस्टिवल सिर्फ खाने तक ही सीमित नहीं है, महाराष्ट्र की समृद्ध कला और संस्कृति को दिखाने वाले कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।।
Created On :   2 Dec 2025 8:42 PM IST












