Mumbai News: वर्दी हुई दागदार, 25 लाख की लूट में पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार

वर्दी हुई दागदार, 25 लाख की लूट में पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार
अपराध के कुछ घंटों में ही गिरोह तक पहुंची पुलिस

Mumbai News मुंबई में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस वर्दी को दागदार कर दिया है। अंधेरी पूर्व इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई 25 लाख की लूट के मामले में एक पुलिस कांस्टेबल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अंधेरी पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम भी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में अंबोली पुलिस स्टेशन में तैनात कांस्टेबल ईश्वर बालकृष्ण जाधव (31) के साथ अभिषेक प्रमोद माली (33), सागर महादेव सुतार (36) और पुरुषोत्तम रामचल कनोजिया (39) शामिल हैं। अदालत ने चारो आरोपियों को 7 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

दिनदहाड़े सीए फर्म के कर्मी को लूटा

यह वारदात 3 अप्रैल को दोपहर करीब 1:40 बजे हुई। जब अंधेरी पूर्व के तेली गली क्रॉस रोड पर चार्टर्ड अकाउंटेंट के यहां काम करनेवाले शैलेश मोरे (51) एक बैग में 25 लाख रुपए लेकर जा रहे थे। उसी दरम्यान एक शख्स उनके पास आया और धमकाते हुए बैग छीनकर फरार हो गया। यह पूरी वारदात इतनी तेजी और सफाई से अंजाम दी गई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को यह साफ हो गया कि यह बेहद सुनियोजित साजिश थी। जिस सटीकता से आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया, उससे पुलिस का शक मजबूत हो गया कि आरोपियों को अंदरूनी जानकारी (टिप) थी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रातों-रात गिरफ्तारी

घटना के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आ गई। तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से पीएसआई बडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से काम करते हुए आरोपियों की पहचान की और 3 अप्रैल की आधी रात होते-होते चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पूरी 25 लाख की रकम भी बरामद कर ली।

Created On :   4 April 2026 7:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story