- Home
- /
- ‘महिलाओं के भरोसे यूपी चुनाव में...
‘महिलाओं के भरोसे यूपी चुनाव में बड़ा उलटफेर करेगी कांग्रेस’

डिजिटल डेस्क,मुंबई। नए साल के दौरान उत्तरप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महिलाओं के बल पर बड़ा उलटफेर करेगी। पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी उम्मीदवारी महिलाओं को देने का अपना वादा निभाएगी। पार्टी की टिकट के लिए बड़ी संख्या में महिलाओं ने आवेदन किया है। यह कहना है उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए गठित कांग्रेस की स्क्रिनिंग कमेटी (छानबीन समिति) सदस्य व महाराष्ट्र की स्कूली शिक्षामंत्री वर्षा गायकवाड का।
हाल ही में उत्तर प्रदेश के दौरे से लौटी वर्षा ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की तैयारी है। प्रियंका गाधी की इस घोषणा को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है। यूपी की राजनीति में आधी आबादी की भागीदारी बहुत कम है। बड़ी संख्या में युवा महिलाएं कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहती हैं। वर्षा गायकवाड को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रतापगढ, अयोध्या, कानपुर व झांसी मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही इन इलाकों के दौरे से लौटी गायकवाड ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक यूपी में सरकार चलाई है। कांग्रेस के सत्ता से हटने के बाद वहां विकास की गति रुक सी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव घोषित होने के बाद महाराष्ट्र से कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के लिए यूपी जाने वाले हैं।
445 में से 40 ही पहुंची थी विधानसभा
देश के सबसे बड़ी आबादी वाले सूबे की 403 सदस्यों वाली विधानसभा में फिलहाल 40 महिला विधायक हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में यूपी में कुल 445 महिलाएं चुनाव मैदान में उतरी थी जिसमें से केवल 40 महिला उम्दवार विधानसभा पहुंच सकी। इसमें से सबसे ज्यादा 34 महिला विधायक भाजपा की हैं। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस की दो-दो तथा समाजवादी पार्टी और अपना दल से एक-एक महिलाएं विधायक चुनी गई हैं । 2012 में 19 महिलाएं सपा के टिकट पर जीती थीं। जबकि भाजपा से 6, कांग्रेस और बसपा से 1-1 महिला विधायक चुनी गईं थीं।2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने सबसे कम सिर्फ 11 महिलाओं को टिकट दिया था जबकि भाजपा ने 46, समाजवादी पार्टी ने 34 और बसपा ने 21 महिलाओं को अपना उम्मीदवार बनाया था।
Created On :   25 Dec 2021 6:51 PM IST