महिलाओं का 33% आरक्षण: नारी सशक्तिकरण की दिशा में लगातार फैसले ले रही है सरकार

डिजिटल डेस्क, सिवनी। मध्यप्रदेश सरकार नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक के बाद एक लगातार फैसले ले रही है। केन्द्र सरकार के द्वारा लोकसभा, राज्यसभा व विधानसभा में पहली बार 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को सिवनी में अपने अल्प प्रवास के दौरान कही।
रजवाड़ा स्थित कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने लाड़ली बहनों की मौजूदगी में कहा कि कोई भी सरकार बहनों को छोडक़र कैसे आगे बढ़ सकती है। बहनों का आशीर्वाद तो सबसे पहले चाहिए। मुख्यमंत्री ने बरघाट व धारनाकला में भी संबोधित करते हुए कहा कि दूध उत्पादकों को बोनस दिए जाने की नीति सरकार द्वारा बनाई जा रही है। धान पर भी बोनस दिया जाएगा। रोजगार के साधन उपलब्ध हों इस दिशा में सरकार काम कर रही है।
नवीन कारखाने स्थापित करने उद्योगपतियों को आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिवनी-बरघाट रोड को जल्द ही फोरलेन बनाया जाएगा। तत्काल इस मार्ग के साइड सोल्डर भरने व बारिश में चलने लायक बनाने के निर्देश उन्होंने कलेक्टर को दिए।
Created On :   6 Aug 2024 9:41 AM IST













