Tennis News: जैनिक सिनर ने इटालियन ओपन जीतकर रचा इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे प्लेयर बने, जोकोविच को पीछे छोड़ा

जैनिक सिनर ने इटालियन ओपन जीतकर रचा इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे प्लेयर बने, जोकोविच को पीछे छोड़ा
दुनिया के नंबर वन टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने इटालियन ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में सिनर ने नॉर्वे के कैस्पर रुड को 6-4, 6-4 से हराया।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। दुनिया के नंबर वन टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने इटालियन ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है।रोम के प्रतिष्ठित फोरो इटालिको में खेले गए फाइनल मुकाबले में 24 साल के सिनर ने नॉर्वे के कैस्पर रुड को 6-4, 6-4 से हराया। बीते 50 साल में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी इटालियन मेंस प्लेयर ने इस घरेलू खिताब को अपने नाम किया है। उनसे पहले साल 1976 में एड्रिआनो पनाटा ने यह ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस जीत के साथ सिनर ने कई उपलब्धियां अपने नाम कर ली हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में...

'करियर गोल्डन मास्टर्स' पूरा किया

इस जीत के साथ जैनिक सिनर नोवाक जोकोविच के बाद टेनिस की दुनिया के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने सभी 9 एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट अपने नाम कर 'करियर गोल्डन मास्टर्स' पूरा किया है। खास बात यह है कि सिनर ने यह उपलब्धि केवल 24 साल में हासिल की है। जबकि जोकोविच ने 31 साल की उम्र में पहली बार 'गोल्डन मास्टर्स' पूरा किया था। इस तरह तेजी से इस उपलब्धि को हासिल करने के मामले में उन्होंने जोकोविच को पीछे छोड़ दिया है।

अगला टारगेट फ्रेंच ओपन

बता दें कि इस समय जैनिक सिनर शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने इस सीजन में अब तक 5 मास्टर्स खिताब (इंडियन वेल्स, मियामी, मोंटे कार्लो, मैड्रिड और रोम मास्टर्स) अपने नाम किए हैं। उनका अगला टारगेट रविवार से शुरू होने वाला फ्रेंच ओपन है। वह इस खिताब को किसी भी हालत में अपने नाम करना चाहेंगे। क्योंकि यही वो ट्रॉफी है जिसे वो अभी तक नहीं जीत पाए हैं।

Created On :   18 May 2026 5:34 PM IST

Tags

Next Story