Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 11 Oct 2025 9:04 AM IST
अमेरिका में सैन्य विस्फोटक प्लांट में जबरदस्त धमाका, कई लोगों की मौत की आशंका
अमेरिका के टेनेसी में एक सैन्य विस्फोटक संयंत्र में जोरदार धमाका हुआ। इस विनाशकारी धमाके में 19 लोगों के मारे जाने या लापता होने की खबर सामने आ रही है। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ ने अमेरिकी मीडिया के हवाले से बताया कि हम्फ्रीज काउंटी के शेरिफ क्रिस डेविस ने शुक्रवार दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मैं आपको बता सकता हूं कि 19 लोग लापता हैं।"
- 11 Oct 2025 9:03 AM IST
महिला विश्व कप खाता खोलने को बेताब श्रीलंका, जीत की हैट्रिक लगाना चाहेगा इंग्लैंड
महिला विश्व कप 2025 के 12वें मैच में इंग्लैंड का सामना श्रीलंका से होगा। शनिवार को आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम जीत का खाता खोलने के इरादे से उतरेगी। इंग्लैंड शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। इस टीम ने अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की थी, जिसके बाद बांग्लादेश के विरुद्ध 4 विकेट से मुकाबला जीता।
- 11 Oct 2025 8:42 AM IST
युद्ध विराम के बाद फिलिस्तीनियों ने उत्तरी गाजा की ओर फिर लौटना शुरू किया संयुक्त राष्ट्र
गाजा में युद्धविराम लागू होते ही कुछ ही मिनटों में विस्थापित फ़िलिस्तीनी फिर से उत्तर की ओर लौटने लगे हैं। संयुक्त राष्ट्र की मानवीय संस्था (ओसीएचए) ने यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (ओसीएचए) ने बताया कि शुक्रवार को जब लोग उत्तर की ओर बढ़ने लगे तो इजरायली टैंकों ने तट के किनारे अल राशिद रोड को अवरुद्ध कर दिया।
- 11 Oct 2025 8:34 AM IST
राजस्थान इंटेलिजेंस की बड़ी कार्रवाई, आईएसआई के लिए जासूसी करने वाला गिरफ्तार
राजस्थान खुफिया विभाग ने पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के लिए जासूसी करने के आरोप में अलवर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अलवर जिले के गोविंदगढ़ निवासी मंगत सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सरकारी गोपनीयता अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
- 11 Oct 2025 8:20 AM IST
ओडिशा सरकार ने प्रमुख विभागों में बड़े पैमाने पर नौकरशाही फेरबदल किया
ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को आईएएस अधिकारियों के कैडर में बड़ा फेरबदल किया, जिससे राज्य प्रशासन के विभिन्न विभागों और प्रमुख पदों पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव हुए। ओडिशा सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग ने नई नियुक्तियों और अतिरिक्त प्रभारों का विवरण देते हुए एक अधिसूचना जारी की है।
- 11 Oct 2025 8:07 AM IST
रुद्रप्रयाग प्रभारी सचिव आर राजेश कुमार ने विकास कार्यों का किया समीक्षा, तेजी लाने का दिया निर्देश
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के प्रभारी सचिव आर राजेश कुमार ने शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों, आपदा प्रबंधन, जिला योजना की प्रगति और केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
Created On :   11 Oct 2025 8:00 AM IST