सीबीएसई 10वीं और 12 वीं परीक्षा परिणाम में लड़कों से आगे निकली लड़कियां, देश का यह जिला रहा अव्वल

सीबीएसई 10वीं और 12 वीं परीक्षा परिणाम में लड़कों से आगे निकली लड़कियां, देश का यह जिला रहा अव्वल
जवाहर नवोदय स्कूल रहा टॉप पर

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। सीबीएसई ने आज दसवीं और बारहवीं बोर्ड के नतीजे घोषित कर दिए हैं। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षा में लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। बोर्ड ने सबसे पहले 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए, जिसमें 87.33 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे, वहीं लगभग 13 फीसदी छात्र असफल रहे हैं। 12वीं के बाद बोर्ड ने 10वीं के परिणाम की घोषणा की। जिसमें कुल 93.12 फीसदी छात्र सफल तो वहीं करीब 7 फीसदी छात्र असफल हुए हैं। वहीं ट्रांसजेंडर छात्रों का पास का प्रतिशत 100 फीसदी रहा। यहां भी लड़कियां लड़कों से आगे रहीं। लड़कों के मुकाबले लड़कियों का पास पर्सेंटेज 1.9 फीसदी ज्यादा रहा।

इन्होंने मारी बाजी

सीबीएसई कक्षा 12वीं की बात करें तो पूरे देश के जिलों में त्रिवेंद्रम ने पहला स्थान हासिल किया। यहां का रिजल्ट 99.91 फीसदी रहा। वहीं प्रयागराज 78.05 फीसदी के साथ इस लिस्ट में अंतिम स्थान पर रहा। वहीं बात करें देश के स्कूलों की तो जवाहर नवोदय विद्यालय इस सूची में सबसे आगे रहा। इस स्कूल के 99.14 फीसदी छात्र सीबीएसई 12वीं परीक्षा में सफल रहे। वहीं सरकारी स्कूल 80.38 फीसदी रिजल्ट के साथ इस सूची में अंतिम स्थान पर रहे।

दोनों कक्षाओं में लड़कों से आगे रहीं लड़कियां

सीबीएसई 10वीं व 12वीं में लड़कियों का परीक्षा परिणाम लड़कों के मुकाबले अच्छा रहा। बात करें 10वीं की तो इसमें 94.25 फीसदी लड़कियां पास हुई हैं जबकि लड़के 92.72 फीसदी सफल रहे। दो फीसदी लड़किया लड़को से आगे बाजी मारी है। वहीं 12वीं के परिणाम में भी लड़कियां लड़कों से आगे रहीं। यहां भी लड़को के मुकाबले लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उनकी सफलता का प्रतिशत लड़को से करीब 6 फीसदी ज्यादा रहा। जहां लड़कियों का पास प्रतिशत 90.68 रहा वहीं लड़कों का 84.67 फीसदी रहा।

38 लाख से ज्यादा विद्यार्थीयों ने दी थी परीक्षा

14 फरवरी 2023 सीबीएसई 10वीं व 12 वीं की परीक्षाएं शुरू हुई थी। 21 मार्च तक 10 वीं की परीक्षाएं चली थी जबकि 12 वीं की परीक्षा 5 अप्रैल को खत्म हुई थी। इस बार 10वीं और 12वीं दोनों को मिलाकर लगभग 38 लाख से अधिक छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक और इंटर की बोर्ड परीक्षा दी। जिसमें से 2186940 छात्र 10वीं और 1696770 छात्र 12वीं के थे।

नरेंद्र मोदी ने दिया खास संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10वीं और 12वीं क्लास के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों को खास संदेश दिया है। उन्होने अपने ट्वीट में लिखा ,‘जो विद्यार्थी सोच रहे हैं कि, वे 12वीं कक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे, उन होनहार छात्रों को मैं बताना चाहता हूं कि, आपके पास आने वाले समय में और भी बहुत कुछ करने का मौक़ा है। एक परीक्षा आपको परिभाषित नहीं करती है। आप अपनी प्रतिभा को उस क्षेत्र में लगाएं, जिसमें आपकी रुचि है। इससे आपकी खूब तरक्की होगी।’

आगामी वर्ष की परीक्षाओं की डेट की घोषित

इसी के साथ शैक्षणिक वर्ष 2023-24 के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने परीक्षा तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के मुताबिक, कक्षा 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी 2024 को आयोजित की जाएंगी।

Created On :   12 May 2023 2:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story